शहर की सरकार के कामों का जवाब देने को अब आई जनता की बारी Agra News
स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 के अंतर्गत फीडबैक लेने के लिए आठ से दस हजार लोगों को किया जाएगा फोन फिर तय होगी रैंक।
आगरा, जागरण संवाददाता। शहर की सरकार के कामों का जवाब देने की बारी आ गई है। मेयर और पार्षदों के प्रयास शहर में सफाई को लेकर क्या रंग लाए, इसका जवाब आपको देना है। स्वच्छता सर्वेक्षण-2020 के दूसरे चरण का सर्वे शुरू हो गया है। अब जनता से फीडबैक लिया जाएगा। फीडबैक के आधार पर रैंक तय होगी। यह सर्वे सितंबर तक चलेगा।
अब तक हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में टीम आगरा आती थी और जनता से सवाल पूछे जाते थे, लेकिन इस बार सर्वेक्षण में बदलाव किया गया है। इस बार सर्वे में आठ से दस हजार लोगों को फोन किया जाएगा। इनसे तीन से लेकर पांच सवाल पूछे जाएंगे। निगम के पर्यावरण अभियंता राजीव राठी ने बताया कि जनता से मिले फीडबैक का अहम रोल होगा।
यह पूछे जाएंगे सवाल
- पिछले सर्वे के मुकाबले आगरा शहर अधिक साफ नजर आ रहा है?
- हर दिन झाड़ू लगती है?
- हर दिन कूड़ा उठता है?
- शिकायतों का निस्तारण कितने दिनों में किया जाता है?
- बाजारों में टायलेट सुविधा है या नहीं?
- टॉयलेट की सफाई कैसी है?
- नाले-नाली की सफाई हो रही है या नहीं?
अब तक हुए स्वच्छता सर्वेक्षण
- 2016 में देश के 75 शहरों में हुए सर्वे में आगरा 45वें स्थान पर रहा था।
- 2017 में देश के 420 शहरों में हुए सर्वे में आगरा 263वें स्थान पर रहा।
- 2018 में देश के चार हजार शहरों में हुए सर्वे में आगरा 102 नंबर पर रहा था।
- 2019 में देश के चार हजार से अधिक शहर शामिल हुए। देश में आगरा 85वें स्थान पर रहा।