आसमान में उड़ान के लिए कदमताल
आगरा: आसमान में उड़ान के लिए मंगलवार को ताजनगरी में कदमताल हुई। सिविल सोसायटी ऑफ आगरा ने शहीद स्मारक तक पैदल मार्च किया।
आगरा: आसमान में उड़ान के लिए मंगलवार को ताजनगरी में कदमताल हुई। सिविल सोसायटी ऑफ आगरा ने शहीद स्मारक तक सत्याग्रह मार्च निकाला। यहां आगरा से कई राज्यों को जोड़ने के लिए हवाई सेवा शुरू करने की आवाज बुलंद की गई।
राजा मंडी चौराहा स्थित शहीद भगत सिंह छात्रावास से सुबह नौ बजे मार्च शुरू हुआ। सामाजिक संगठन, राजनीतिक पार्टी के साथ ही सीबीएसई स्कूलों के संचालक संगठन अप्सा के बैनर तले छात्र भी शामिल हुए। मार्च शुरू हुई तो भीड़ जुटने लगी। सेंट जोंस कॉलेज चौराहा, हरीपर्वत होते हुए मार्च शहीद स्मारक पहुंचा। यहां सत्याग्रहियों ने एक स्वर से कहा कि आगरा की जरूरत के मुताबिक सरकार को एयरकनेक्टिविटी बढ़ानी होगी। सिविल सोसाइटी के सचिव अनिल शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की योजना के तहत आगरा को बंगलुरू, कोलकाता, पुणे, मुंबई, गोवा, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम की हवाई सेवा से जोड़ा जाए। आगरा-इलाहाबाद-गोरखपुर के बीच फ्लाइट तत्काल शुरू होनी चाहिए। अध्यक्षता पार्षद व सिविल सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. शिरोमणि सिंह ने की। संचालन डॉ. मधु भारद्वाज ने किया। सुशील गुप्ता, गिरधर शर्मा, राकेश चौहान, अनिल वर्मा, किसान नेता निहाल सिंह भोले, कप्तान सिंह, रत्बीर, ब्रिज किशोरे, नवल किशोर, श्रीपति सिंह मौजूद रहे।
सिविल सोसायटी के प्रयास क्या रंग लाते हैं यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन आगरा के साथ अब तक छलावा किया जाता रहा है। हद तब हो गई जब यहां वादा करने के बाद देश का प्रधानमंत्री बने व्यक्ति ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया।
राजबब्बर ने उड्डयन मंत्री को लिखा पत्र
कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सांसद और राजबब्बर ने समर्थन करते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा को पत्र लिख आगरा में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की मांग की है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने सिविल सोसायटी को इस पत्र की कॉपी सौंपी।