लगा जुर्माना तो हाथ में हथौड़ा लेकर खुद तोड़ने लगे रैंप, अगली सूची भी तैयार Agra News
कमलानगर में लोगों ने नाली के साथ सड़क पर भी कर लिया था कब्जा। सी ब्लॉक में 23 लोगों को जारी हुआ था नोटिस। अगली सूची में 50 और नाम।
आगरा, जागरण संवाददाता। पड़ोसी कहता थक गया कि नाली को कवर मत कराओ, तो नहीं माने। अब जब नाली को कवर कर रैंप बनाने वालों पर लाखों का जुर्माना लगा तो हाथ में हथौड़ा लेकर खुद अपने खुद रैंप तोड़ते नजर आ रहे हैं। नाली या फिर फुटपाथ पर कब्जा करने वाले लोग जुर्माने का नोटिस मिलने के बाद खुद गलती सुधारने में लगे हुए हैं। भारी भरकम जुर्माना लगने पर बुधवार से लोगों ने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। इसमें अधिकांश रैंप हैं। वहीं नगर निगम की टीम सी ब्लॉक कमलानगर के अन्य भवनों में सर्वे कर रही है। 50 लोगों पर अगले सप्ताह जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना लगा रहा है। यह पहला मौका है जब सी ब्लॉक कमलानगर के 23 लोगों को नोटिस जारी किया गया। इन पर 51 हजार से लेकर साढ़े आठ लाख रुपये तक का जुर्माना लगा है। 15 दिनों के भीतर रैंप या फिर अन्य अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी गई है। बुधवार दोपहर मकान संख्या 19, 26, 32, 34 सहित अन्य भवनों के आगे रैंप बनी हुई थी। भवन स्वामियों ने मजदूरों को लगाकर खुद ही रैंप तोडऩा शुरू कर दिया। रैंप के बदले फोल्डेबल जाली लगाई जा रही है। इससे नाली की सफाई में कोई दिक्कत नहीं आएगी। जाली का एक हिस्सा उठाकर इसकी सफाई हो सकती है।
नहीं रुकेगा अतिक्रमण विरोधी अभियान
मेयर नवीन जैन का कहना है कि अतिक्रमण विरोधी अभियान को और गति दी जाएगी। नाली-नाले, फुटपाथ या फिर रोड पर अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।