यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अस्पताल में खाली वार्ड, गंदे शौचालय देख मुख्य सचिव हैरान
फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में मिलीं खामियां केंद्र अधीक्षक को हटाया गया वैक्सीनेशन में चार ग्राम पंचायतों को मिला अवार्ड लेकिन अफसर नहीं दे पाए प्रगति रिपोर्ट

जागरण टीम, आगरा। मुख्य सचिव आरके तिवारी सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के हालात देख हैरान रह गए। फर्श के टूटे टाइल्स, दवाओं की कमी, खाली वार्ड और शौचालय गंदे मिलने पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। केंद्र अधीक्षक डा. एके सिंह से बोले, यहां एक भी मरीज भर्ती नहीं है। ऐसे सीएचसी का क्या मतलब। सरकार की मंशा है कि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिले लेकिन यहां कोई सुविधाएं ही नहीं हैं। वैक्सीनेशन की स्थिति पर भी नाराजगी जताई। खास बात यह कि अफसर उन्हें वैक्सीनेशन की प्रगति रिपोर्ट ही नहीं दिखा सके जबकि फतेहाबाद की चार ग्राम पंचायतें बिचौला, रसूलपुर, गढ़ी उदयराज और पलिया कृपाल में शतप्रतिशत वैक्सीनेशन के लिए अफसरों को अवार्ड भी मिल चुका है। सीएमओ डा. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सीएचसी अधीक्षक डा. एके सिंह को हटा दिया गया है।
मुख्य सचिव सोमवार सुबह 10:15 बजे फतेहाबाद सीएचसी पर पहुंचे। मुख्य दरवाजे के पास सीढि़यों के टाइल्स टूटे दिखे। दवा वितरण कक्ष में ग्लूकोज की बोतल पर एक्सपायरी तिथि देखी। फार्मासिस्ट से पूछा, कौन-कौन सी दवाएं नहीं है। जवाब मिला कैल्सियम की टेबलेट और टिटनेस के इंजेक्शन नहीं है। सीएमओ ने कहा, दवाएं जल्द उपलब्ध करा दी जाएंगी। पुरुष व महिला वार्डो में भी कोई मरीज नहीं था। नल की टोंटी से पानी नहीं निकलने पर मुख्य सचिव बोले, यहां के बदतर हालात देखिए डीएम साहब। चैंबर में मौजूद डा. डेजी भाटिया और एक्सरे तकनीशियन से प्रतिदिन आने वाले मरीजों और एक्सरे की जानकारी ली। आयुष कक्ष मे चिकित्सक न होने पर नाराजगी जताई। समीक्षा बैठक में कहा कि वैक्सीनेशन में सुधार की जरूरत है। इस दौरान कमिश्नर अमित कुमार गुप्ता, जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह, सीएमओ डा. अरुण कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम जेपी पांडेय, तहसीलदार मनोज कुमार, सीएचसी अधीक्षक डा. एके सिंह भी रहे। 'कोरोना अभी गया नहीं है'
समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव आरके तिवारी ने कहा कि अभी कोरोना गया नहीं है। देश व प्रदेश में नए वैरिएंट आएंगे, बीमारी अभी भ्ीा फैल सकती है। इसलिए वैक्सीनेशन में कोताही न बरतें। लोगों को जागरूक करते रहें। गांव-गांव व घर-घर पहुंचकर वैक्सीनेशन किया जाए। प्रधानमंत्री आवास के नाम पर मांगी जा रही रिश्वत
समीक्षा बैठक के दौरान दो शिकायतकर्ता पहुंचे। भाकियू भानु गुट के नेता राधिका दास ने कहा कि साहब, प्रधानमंत्री आवास के नाम पर 20-20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। उन्होंने बेसहारा गोवंश से निजात दिलाने, जरारी के विद्यालय की जीर्ण-शीर्ण हालत सुधारने की मांग की। पूटपुरा निवासी श्रीचंद ने मल्लाह जाति के प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की।
