यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 18, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आगरा में पत्नी का सिर कुचलकर फंदे पर लटक गया केमिस्ट
केमिस्ट सुनील की जेब से पुलिस को सुसाइड नोट मिला हैं इसमें उन्होंने सुबह 10.30 बजे पत्नी की हत्या और खुद आत्महत्या करने का जिक्र किया है।

आगरा (जागरण संवाददाता)। शहर की पॉश जयपुर हाउस कॉलोनी में रहने वाले केमिस्ट ने सोमवार को पत्नी का सिर कुचलकर हत्या कर दी। शव को घर में ही गठरी की तरह बांधकर रख दिया। इसके बाद सुसाइड नोट लिखकर खुद बाथरूम में फंदे से लटक गया। मृत केमिस्ट शहर के प्रख्यात चिकित्सक का भाई था। दोनों के परिवार साथ ही रहते थे।
कॉलोनी में डॉ. वीके राजपाल का हॉस्पिटल है। भूतल पर उनका हॉस्पिटल और भाई 48 वर्षीय सुनील राजपाल का मेडिकल स्टोर है, जबकि प्रथम तल पर दोनों भाइयों के परिवार रहते हैं। सुनील का बेटा संभव न्यूजीलैंड से होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर लौटा है। जॉब लगने पर सुनील रविवार को बेटे को किराए पर घर दिलाने गुड़गांव गए थे। सोमवार सुबह 10.30 बजे से संभव अपने पिता और मां के मोबाइल पर कॉल कर रहा था, लेकिन यह रिसीव नहीं हो रही थी।
शाम 7.30 बजे उसने ताऊ डॉ. वीके राजपाल को इसकी जानकारी दी, तो उन्होंने स्टाफ को ऊपर देखने भेजा। हॉस्पिटल के कर्मचारी ने आवाज लगाई, लेकिन जवाब नहीं आया। अंदर घुसकर देखा, तो कमरों के दरवाजे खुले थे। बेडरूम में खून पड़ा था और सुनील की पत्नी अंशु का शव चादर में बंधा हुआ बेड के पास रखा था। दूसरे कमरे के बाथरूम में सुनील का शव पंखे से लटका था। डॉ. वीके राजपाल ने पुलिस बुलाई। इसके बाद शव को फंदे से नीचे उतारा। चादर खोलकर देखी गई, तो अंशु के सिर में चोट थीं।
यह भी पढ़ें: युवक ने की आत्महत्या, जेब से मिला सुसाइड नोट
सुनील की जेब से पुलिस को सुसाइड नोट मिला। इसमें उन्होंने सुबह 10.30 बजे पत्नी की हत्या और खुद आत्महत्या करने का जिक्र किया है। नोट में लिखा है कि इसके लिए वह खुद जिम्मेदार हैं। बेटे से बहुत प्यार करते हैं। जिंदगी से तंग आ गए हैं, इसलिए ऐसा कर रहे हैं। आत्महत्या का कारण अभी पता नहीं लगा है। हालांकि पुलिस प्रारंभिक जांच के बाद पति-पत्नी के बीच अनबन की आशंका जता रही है।
