Agra Weather: गलन भरी सर्दी में ठिठुरे लोग, 31 दिसंबर को हो सकती है बारिश Agra News
सामान्य से नौ डिग्री नीचे पहुंचा तापमान। सुबह छा रहा कोहरा और दिन की धूप भी ठंडी हवाओं के आगे बेअसर।
आगरा, जागरण संवाददाता। सर्दी में ठंडी हवा चुभ रही हैं, शुक्रवार को गलन भरी सर्दी में लोग ठिठुरते रहे। सुबह घना कोहरा छाया रहा। दोपहर में धूप तो निकली लेकिन सर्दी से राहत नहीं दे सकी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 31 दिसंबर और एक जनवरी को बारिश हो सकती है।
शुक्रवार को घना कोहरा छाने के साथ गलन भरी सर्दी में ठंडी हवा ने लोगों को परेशानी में डाल दिया। 11 बजे के बाद सूर्यदेव के हल्के से दर्शन हुए तो उम्मीद बंधी कि धूप निकलेगी। दोपहर एक बजे के बाद धूप निकल आई लेकिन सर्दी से राहत नहीं दिला सकी। अधिकतम आर्द्रता 94 फीसद तक पहुंच गई। शाम होते ही शीत लहर में लोग ठिठुरते रहे। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री कम 14.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 4.5 डिग्री रहा।
ग्लब्स और कैप लगाने पर भी सर्दी
सुबह ग्लब्स और कैप लगाकर दो पहिया वाहन चलाने पर भी सर्दी कम नहीं हुई। सर्दी के चलते बाइक और स्कूटी चलाने में परेशानी हुई। सुबह हाथ ठीक से काम नहीं कर रहे थे।
तीन दिन कड़ाके की सर्दी
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को घना कोहरा छाने के साथ तापमान चार डिग्री तक पहुंचने की आशंका है, अधिकतम तापमान 15 से 16 डिग्री के बीच रहेगा। 29 दिसंबर तक कड़ाके की सर्दी पडऩे की आशंका है। 30 दिसंबर को बादल छट जाएंगे और धूप निकलेगी।
28 और 29 दिसंबर को कोल्ड डे
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 28 और 29 दिसंबर को कोल्ड डे रहेगा, सुबह कोहरा छाएगा। धूप निकलने के बाद भी गलन भरी सर्दी में लोग ठिठुरते रहेंगे। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री के करीब रहेगा।
पिछले साल तीन डिग्री तक पहुंचा था तापमान
27 दिसंबर 2018 को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री दर्ज किया गया था। मगर, अधिकतम तापमान 22 डिग्री था। मगर, इस बार न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री है जबकि अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 10 डिग्री का अंतर है, इससे दिन भर लोग सर्दी में ठिठुर रहे हैं।
प्रदेश के शहरों का तापमान
आगरा
न्यूनतम - 4.5
अधिकतम - 14.5
झांसी
न्यूनतम - 4
अधिकतम - 9.9
बहराइच
न्यूनतम - 4.7
अधिकतम - 13.6
बांदा
न्यूनतम - 5
अधिकतम - 15.8
मेरठ
न्यूनतम - 5.2
अधिकतम - 11.6