Chain Snatching: बदमाश से भिड़ गई थीं साहसी रीता, चंद सेकंड में लूट ले गया चेन, अब मथुरा में बदमाशों की तलाश
Agra Crime Newsआगरा में लूट कांड के बाद पुलिस मथुरा के बदमाशों पर शक। घर में घुसकर मिष्ठान व्यवसाई की पत्नी से चेन लूट ले गए थे बदमाश। वारदात के बाद सिकंदरा हाईवे से मथुरा की ओर भागे थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टीमों ने मथुरा में डाला डेरा।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा में न्यू आगरा की लायर्स कालोनी में रविवार को दिनदहाड़े मिष्ठान व्यवसाई की पत्नी की चेन लूटने की घटना करने वाले बदमाश मथुरा के होने का अनुमान है। बदमाश वारदात के बाद सिकंदरा हाईवे होते हुए मथुरा की ओर भागे थे। पुलिस को बदमाशों के मथुरा की ओर भागने के फुटेज मिले हैं। जिसके बाद से पुलिस की दो टीमों ने मथुरा में डेरा डाल दिया है। वहां के बदमाशों का रिकार्ड खंगाल जा रहा है। पूर्व में चेन लूटने की घटनाओं में जेल गए बदमाशों की जानकारी जुटा रही हैं।
वृजवासी स्वीट्स की है सेंट जोंस चौराहे पर दुकान
घटना रविवार सुबह लगभग सवा नौ बजे की है। सेंट जोंस चौराहे पर अनिल कुमार की बृजवासी स्वीट्स के नाम से दुकान है। अनिल जयपुर गए थे। उनकी पत्नी रीता घर की चहारदीवारी के अंदर रखे गमलों के पौधों को सींच रही थीं। मुख्य गेट खुला हुआ था। इसी दौरान एक युवक अंदर आ गया। रीता से पता पूछने लगा। उन्होंने युवक को गेट के बाहर जाने की कहा। जिस पर वह उनकी ओर आने लगा।खतरे का आभास होने पर रीता ने वाइपर उठा लिया। तब तक बदमाश ने उन्हें दबोच लिया था।
ये भी पढ़ें;
रीता साहस दिखाते हुए बदमाशों से भिड़ गईं
रीता साहस दिखाते हुए बदमाश से भिड़ गईं। उन्होंने शोर मचाते हुए पीछा भी किया। बदमाश चेन लूटने के बाद बाहर पहले बाइक स्टार्ट कर खड़े साथी के साथ भाग निकला था। पुलिस ने कालोनी और हाईवे के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। बदमाश वारदात के बाद हाईवे से होकर भागे थे। पुलिस को उनके मथुरा की ओर भागने के फुटेज मिले हैं।
पाश कालोनी में पहले भी हो चुकी हैं वारदात
- अक्टूबर 2022: कान्वेंट स्कूल के शिक्षक की पत्नी से बदमाश ने चेन लूटी
- सितंबर 2022: लायर्स कालोनी दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद उनके बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई।
- दिसंबर 2020: हिंदुस्तान लीवर लिमिटेड के गोदाम से बदमाश 11 लाख रुपये लूट ले गए थे। पुलिस ने दो दिन बाद घटना का पर्दाफाश करते हुए मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को दबोच लिया था।
- दिसंबर 2015 में डाक्टर भीमराव आंबेडकर विश्चविद्यालय के लिपिक दिलावर सिंह के घर पर सरेशाम डकैती डाली थी। वहां से नकदी-जेवरात और कारतूस लूट कर ले गए थे।
पुलिस अफसरों का कहना है कि पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है, सीसीटीवी चेक करने के बाद रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं।