कांग्रेस का काम यही रहा, हमेशा देश को जातियों में बांटती रही: गिरिराज
-अंग्रेज और मुगलों से ज्यादा राजनेताओं ने पहुंचाया नुकसान। ब्रजवासियों की और सेवा करना चाहतीं हेमा।
आगरा, (ब्यूरो): केंद्रीय राज्यमंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग गिरिराज सिंह ने कहा है कि कांग्रेस ने देश को जातियों में बांटा है। कांग्रेस के युवराज का असली चेहरा उजागर हो गया है। केरल में गोमांस की पार्टी देते हैं और गुजरात में सोमनाथ मंदिर में दर्शन कर चंदन का टीका लगाते हैं।
मथुरा के बाजना में फलदार पौध वितरण कार्यक्रम में सोमवार को मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश को अंग्रेज और मुगलों से ज्यादा राजनेताओं ने नुकसान पहुंचाया है। सांसद हेमामालिनी ने कहा कि वह ब्रज में गोपी बनकर ब्रजवासियों की सेवा का संकल्प लेकर आई हैं। मथुरा का सांसद होना गौरव की बात है। अभी तो उन्हें बहुत विकास कराना है। इसके लिए उन्हें और वक्त की जरूरत है। वह चाहती हैं कि बृजमंडल में थीम पार्क बने और कारखाने लगें। युवाओं को रोजगार मिल सके।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पदम सिंह शर्मा एवं भाजपा नेता उद्योगपति एसके शर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार आमजन की सरकार है। कार्यक्रम संयोजक राजेश चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में मांट क्षेत्र के हर गांव में विकास की किरण पहुंचाने का काम करेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष नगेंद्र सिकरवार, मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख, पूर्व विधायक अजय कुमार पोइया, विनोद अग्रवाल, दुर्गेश प्रधान, दिलावर सिंह प्रधान, वीना अग्रवाल प्रधान, जितेंद्र वाष्र्णेय, देवेंद्र छोटू, दयानंद गुप्ता, हरीश चौधरी, जसवंत सिंह, गिरीश वाष्र्णेय, देवेंद्र प्रधान आदि उपस्थित रहे। संचालन मुकेश वाष्र्णेय ने किया।