यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अश्विनी रथ की किताब राइजिंग पेटल्स का हुआ विमोचन, काव्य का है अनूठा संग्रह
इस किताब में अश्विनी ने 26 अलग अलग कविताओं को एक साथ संकलित किया है। ये किताब अश्विनी की पहली ऐसी किताब है जो शैक्षिक सम्बन्ध में नहीं लिखी गयी है। रचनाओं में कहीं बच्चे जैसा भोलापन नजर आएगा तो कहीं ज्ञानी का गूढ़ ज्ञान भी इसमें समेटा हुआ है।

आगरा, जागरण संवाददाता। लेखक अश्विनी रथ की किताब राइजिंग पेटल्स का यहां एक निजी होटल में विमोचन किया गया। इस दौरान उन्होंने अपनी किताब के कुछ अंश पढ़कर भी सुनाए। राइजिंग पेटल्स अश्विनी रथ द्वारा लिखी गयी कविताओं का संकलन है। इस किताब में अश्विनी ने 26 अलग अलग कविताओं को एक साथ संकलित किया है। ये किताब अश्विनी की पहली ऐसी किताब है जो शैक्षिक सम्बन्ध में नहीं लिखी गयी है।
अश्वनी किताब की शुरूआत ऐसी कविताओं के साथ करते हैं, जो थोड़ी आसान है और पाठक को पढ़ने के लिए उत्साहित करते हुए, ऐसे भावों की तरफ धकेलते हैं जो मन में कई सवाल पैदा करते हैं। उनकी कविताओं में विपरीत तरीके की भावनाएं हैं। जहां कुछ कविताओं में एक बच्चे का भोलापन सा झलकता है, वही कई कविताओं में एक ज्ञानी की झलक भी दिखती है।
आम जिंदगी के पहलू भी कविता में शामिल
अश्विनी ने मनुष्य के कई भावों को अपनी किताब का विषय बनाया है, लेकिन ये किताब ज्यादा रोचक इसलिए है क्यूंकि उन्होंने आम-तौर की जिन्दगी की चीजों को लेकर भी कविताएं लिखी हैं और उन में भी कविताओं को ढूंढा है। वो कॉफी जैसी आम चीज पर कविता लिखते हुए उसे उस से जुड़े हुए किस्से और जुड़े हुए लोगो से जोड़ते हैं और उस अनुभव की याद दिलाते हैं।
जहां तक तकनीक की बात है, तो उन की लेखन शैली एक सामान नहीं रहती। कहीं कहीं वो तुकबंदी करने की कोशिश करते हुए नजर आते हैं तो कही तुकबंदी का दूर दूर तक कोई नाम नहीं। ऐसे में पाठक लेखक की शैली का पूरा मजा नहीं ले पाता। हर कविता के पहले जो चित्र लगाए हैं वो गंभीर विचार के बाद चुने हुए लगते हैं। ये चित्र सीधे कविता से जुड़े हुए तो नहीं हैं लेकिन कविता में आने वाले भाव के बारे में चेतावनी जरूर देते हैं।