CAA 2019 पर भ्रम दूर करने 23 को आएंगे जेपी नड्डा, तैयारी में जुटा है संगठन Agra News
कोठी मीना बाजार मैदान पर होगी रैली। पांच जिलों की विधानसभाओं के कार्यकर्ता होंगे शामिल।
आगरा, जागरण संवाददाता। नागरिकता संसोधन कानून के समर्थन में 23 जनवरी को होने जा रही संघ, भाजपा और सहयोगी संगठनों की संयुक्त रैली को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार सुबह से रैली स्थल कोठी मीना बाजार मैदान पर भाजपा संगठन के पदाधिकारी पहुंच गए और मंच से लेकर सफाई व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही रैली के लिए बनाए जा रहे पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया। वहीं अपर नगर आयुक्त केबी सिंह भी कार्यक्रम स्थल पर सुबह से पहुंच गए और नगर निगम की टीम द्वारा की जा रही सफाई व्यवस्था देखी।
सीएए के समर्थन में संघ, भाजपा और सहयोगी संगठनों की संयुक्त रैली कोठी मीना बाजार मैदान में 23 जनवरी को प्रस्तावित है। इसमें ब्रजक्षेत्र के पांच जिलों की 19 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। रैली स्थल का भूमि पूजन सोमवार को पं. वेद प्रकाश ने कराया। रैली संयोजक शिवशंकर शर्मा व हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि जनजागरण रैली एतिहासिक होगी। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के साथ, प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का उद्बोधन होगा। इस दौरान राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश, मेयर नवीन जैन, सांसद राजकुमार चाहर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, रामप्रताप सिंह चौहान, हेमलता दिवाकर, महेश गोयल, जितेंद्र वर्मा, ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाह, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, अंजुला सिंह माहौर, प्रदीप भाटी, प्रमोद गुप्ता, हेमेंद्र शर्मा, अरुण पाराशर, सुनील शर्मा, पूर्व सांसद चौ. बाबूलाल, प्रभुदयाल कठेरिया, पूर्व मंत्री डॉ. रामबाबू हरित, हेमंत भोजवानी, दीपक ढल, केके भारद्वाज, राजकुमार पथिक मौजूद थे।
वाहन पार्किंग की ये रहेगी व्यवस्था
पाकिर्ंग व्यवस्था प्रमुख राजेश कठेरिया ने बताया बाह, फतेहाबाद, खेरागढ़, हाथरस, अलीगढ़, फीरोजाबाद की ओर से आने वाली बसें जीआइसी मैदान पंचकुइयां, आगरा कॉलेज मैदान पर खड़ी होगी। मथुरा, फतेहपुरसीकरी की ओर से आने वाली बसें साकेत कॉलोनी एवं शिवाजी नगर में पार्क की जाएंगी। मंच के पीछे वीवीआइपी, वीआइपी कारों की पार्किंग होगी। अन्य कारों की पाकिर्ंग तहसील रोड, अशोक नगर, अग्रसेन भवन के पीछे होगी। दोपहिया वाहन जीआइसी के सामने छात्रवास के पीछे पार्क किए जाएंगे।