Agra: ओडिशा रेल हादसे के बाद रद्द हुआ BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यक्रम, 'टिफिन पर चर्चा' की होनी थी शुरुआत
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बालासोर ट्रेन हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने बताया कि भीषण ट्रेन हादसे को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज देश भर में अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। गौरतलब है कि आज जेपी नड्डा का आगरा में कार्यक्रम था।
आगरा, जागरण संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आगरा में होने वाला कार्यक्रम रद्द हो गया है। शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगरा आने वाले थे। वे चाय पर चर्चा की तरह आगरा से टिफिन पर चर्चा महासंपर्क अभियान की शुरुआत करने वाले थे, लेकिन बालासोर ट्रेन हादसे पर शोक जताते हुए बीजेपी ने सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है।
शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बालासोर ट्रेन हादसे पर शोक जताया । उन्होंने बताया कि भीषण ट्रेन हादसे को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज देश भर में अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। जेपी नड्डा में हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार को सांत्वना दी है।
ओडिशा के बालासोर में कल शुक्रवार शाम को हुआ भयावह रेल हादसा अत्यंत ही दुखद और मन को शोकाकुल कर देने वाला है। मैं इस हृदय विदारक घटना से मर्माहत हूं।
इस भीषण रेल दुर्घटना को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों के…
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) June 3, 2023
ट्रेन हादसे पर जताया शोक
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ओडिशा ट्रेन हादसे पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि ओडिशा के बालासोर में कल शुक्रवार शाम को हुआ भयावह रेल हादसा अत्यंत ही दुखद और मन को शोकाकुल कर देने वाला है। मैं इस हृदय विदारक घटना से मर्माहत हूं। इस भीषण रेल दुर्घटना को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों के साथ–साथ देश भर में होने वाले अपने सारे कार्यक्रमों को आज के लिए स्थगित कर दिया है। मैं परमपिता परमेश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। ईश्वर मृत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें।
आगरा में था जेपी नड्डा का कार्यक्रम
दोपहर 12 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगरा पहुंचने वाले थे। दोपहर तीन बजे तक वे कार्यक्रम स्थल पर रहने वाले थे। आज चाय पर चर्चा के तर्ज पर टिफिन पर चर्चा अभियान की शुरुआत जेपी नड्डा करने वाले थे। कार्यक्रम का नाम टिफिन पर चर्चा है, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को टिफिन के साथ बुलाया गया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ इस कार्यक्रम में चर्चा करने वाले थे। लोकसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत बनाने और पुराने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए बीजेपी अध्यक्ष का ये कार्यक्रम काफी खास था।
300 कार्यकर्ताओं को किया गया था आमंत्रित
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने अपने 300 कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 150 पूर्व पदाधिकारी थे। इसके साथ ही केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह भी कार्यक्रम में शामिल होती। राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी कार्यकर्ताओं से संवाद करने वाले थे। बता दें कि इस कार्यक्रम को लेकर आगरा में सभी तैयारियां कर ली गईं थी।