भाजपा नेता की दबंगई, बात न मानने पर पीटा नगर पंचायत कर्मचारी
पानी की स्पलाई को लेकर हुआ विवाद।
आगरा(जेएनएन): दबंग नेता की जरा सी बात न मानना कर्मचारी को भारी पड़ गया। गुस्से से तमतमाए नेता ने पहले तो कर्मचारी के साथ गाली गलौज की। इतने पर भी मन नहीं भरा तो मारपीट तक कर डाली।
मामला मथुरा जिले का है। यहां भाजपा नेता ने नंदगाव नगर पंचायत के एक कर्मचारी से गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। घटना मंगलवार की शाम की है। नंदगाव में पेयजल सप्लाई का काम देख रहे फिटर राजनीश कुमार पर भाजपा नेता दान बिहारी चौधरी लगातार अपने कहने के मुताबिक गलियों में पानी छोड़ने के लिए दबाव डाल रहे थे। कर्मचारी ने पहले पेयजल की ओवरहैड टंकी को भरने के बाद ही पानी की सीधे आपूर्ति किए जाने की बात कही। जो भाजपा नेता को नागवार गुजरी। कर्मचारी का आरोप है कि इसी बात को लेकर भाजपा नेता ने पहले से उनसे गाली-गलौज की। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट कर दी गई। पीड़ित कर्मचारी ने इसकी जानकारी नगर पंचायत नंदगाव के अधिशासी अधिकारी राजेश चौधरी को दी। ईओ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर बरसाना को घटनाक्रम की जाच कर कार्रवाई करने की सिफारिश की। बुधवार की सुबह पीड़ित थाने पहुंच गया। पुलिस को तहरीर मिलते ही आरोपित के पक्ष में आए अन्य भाजपा नेताओं ने भी मामले को रफा-दफा करने के प्रयास कर दिए। अभी पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। सत्ता पक्ष का नेता होने के कारण शिकायत दर्ज करने में पुलिस टाल मटोल कर रही है।
बता दें कि आरोपित भाजपा नेता के खिलाफ पहले भी दबंगई की शिकायतें आती रही हैं।