वीवीआइवी फतेहाबाद रोड पर बाइकर्स गैंग ने महिला पर्यटक की चेन लूटी
-ताजगंज के फतेहाबाद मार्ग की घटना दिल्ली से आई थी महिला सड़क किनारे पहले से खड़े थे लुटेरे पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजगंज क्षेत्र में व्यस्त फतेहाबाद मार्ग पर रविवार बाइकर्स गैंग ने महिला पर्यटक की चेन लूट ली। शोर मचाने पर राहगीरों ने लुटेरों का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन वह चकमा देकर भाग निकले।
दिल्ली के रोहिणी की बुद्ध विहार निवासी पूनम पत्नी करन ताज देखने आयी थीं। रविवार दोपहर दो बजे उन्होंने फतेहाबाद मार्ग स्थित होटल से चेकआउट किया। वह सड़क पार करके दुकान से सामान लेने जा रही थीं। होटल अतिथि के पास सड़क किनारे पहले से खड़े अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी चेन लूट ली। महिला पर्यटक के शोर मचाने पर वहां से गुजरते कुछ राहगीरों ने बदमाशों का पीछा किया। मगर, वह चकमा देकर भाग गए।
जानकारी होने पर सीओ सदर विकास जायसवाल और सीओ ताज सुरक्षा मोहसिन खान समेत दोनों थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने लुटेरों का सुराग पाने के लिए आसपास होटलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें संदिग्ध बाइक सवारों की डिटेल खंगाली जा रही है। बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। सीओ सदर विकास जायसवाल के अनुसार मामले में पर्यटक ने तहरीर नहीं दी है।
महिलाओं को निशाना बना रहा बाइकर्स गैंग
बाइकर्स गैंग महिलाओं और पर्यटकों को लगातार निशाना बना रहा है। सबसे ज्यादा घटनाएं सदर और ताजगंज इलाके में हुई। पर्यटकों के साथ लूट की प्रमुख वारदात निम्न हैं
1 मार्च: सदर के देवरी रोड स्थित आयुष विहार श्वेता देवी पत्नी विजय कुमार का मंगलसूत्र लूटा।
8 फरवरी: एमजी रोड पर नालबंद चौराहे के पास ईदगाह निवासी कविता का महानगर बस में मोबाइल लूट लिया। बदमाश बस के साथ चलते साथी की बाइक पर बैठकर भाग गया।
13 फरवरी: बसई अरेला में आगरा-बाह मार्ग पर धर्मेद्र और उनकी पत्नी को तमंचे के बल पर लूटा।
19 जनवरी: आगरा-किला पुरानी मंडी मार्ग पर हैदराबाद की पर्यटक मेहरूनिसां से चेन लूटी।
26 नवंबर 2018: होटल क्लार्क शिराज मार्ग पर रेखा शुक्ला पत्नी रविशंकर का बदमाशों ने पर्स लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर एक्टिवा से गिराकर घायल कर दिया।