विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा: नन्हे वैज्ञानिकों ने दिखाए भविष्य के बड़े सपने, मॉडल प्रदर्शनी में दिखा नवाचार

Published: Sun, 22 Nov 2026 12:48 PM (IST)

आगरा में 54वीं मंडल स्तरीय बाल वैज्ञानिक मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा और आपदा प्रबंधन पर मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों के माध्यम से उन्होंने विकसित भारत के लिए अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार का प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनी का अवलोकन करते अधिकारी।

प्रदर्शनी का अवलोकन करते अधिकारी।

HighLights

  1. विद्यार्थियों ने एआई, हरित ऊर्जा, आपदा प्रबंधन पर अभिनव मॉडल प्रस्तुत किए।

  2. पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज, आगरा में 54वीं मंडल स्तरीय प्रदर्शनी आयोजित हुई।

  3. विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार पर जोर दिया गया।

जागरण संवाददाता, आगरा। भविष्य के गांवों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), हरित ऊर्जा और आपदा प्रबंधन से जुड़े मॉडलों के जरिए विद्यार्थियों ने विज्ञान को रोजमर्रा के जीवन और भविष्य की जरूरतों से जोड़ने का प्रयास किया। शनिवार को पचकुइयां स्थित पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित 54वीं मंडल स्तरीय बाल वैज्ञानिक मॉडल प्रदर्शनी में उनकी कल्पनाशीलता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार देखने को मिले।
उप्र सरकार के राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, प्रयागराज और माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित प्रदर्शनी में आगरा मंडल के विभिन्न जिलों के विद्यार्थियों ने जूनियर, सीनियर और अध्यापक वर्ग में भाग लिया।

इसका मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ था। विद्यार्थियों ने आपदा प्रबंधन, गणितीय माडलिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ग्रामीण परिवर्तन, प्राकृतिक खेती, हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण पर माडल बनाए।
इस प्रदर्शनी का शुभारंभ मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक राकेश कुमार, डॉ. रामनाथ गौतम, डॉ. आनंद राय और डॉ. निखिल जैन ने किया। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने मॉडलों का अवलोकन कर विद्यार्थियों की सराहना की और राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के लिए शुभकामनाएं दीं।

54वीं मंडल स्तरीय बाल वैज्ञानिक मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

नोडल प्रभारी डॉ. निखिल जैन ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। निर्णायक मंडल में डॉ. आनंद राय, डॉ. प्रभात किरण वार्ष्णेय, डा. गौरव, अमित माहेश्वरी, अंकुश अग्रवाल और रीता यादव शामिल थे। संचालन विशंभर दयाल पाराशर, अश्वनी जैन और राजेंद्र चौहान ने किया। अनु वर्मा, रीता यादव और नीलम यादव मौजूद रहीं।

मॉडलों में दिखी समस्याओं के समाधान की सोच

विद्यार्थियों ने सामाजिक और पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान की संभावनाएं भी प्रस्तुत कीं। आपदा प्रबंधन के माडलों में प्राकृतिक आपदाओं से बचाव और सुरक्षा के उपाय दिखाए गए। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के मॉडलों ने आधुनिक तकनीक की उपयोगिता बताई, जबकि हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की प्रस्तुतियों में वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर रहा।

ग्रामीण परिवर्तन और प्राकृतिक खेती के माडलों में टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि की कल्पनाएं सामने आईं। गणितीय मॉडलिंग से सिद्धांतों को सरल और व्यावहारिक रूप में समझाया गया। विद्यार्थियों ने निर्णायकों को अपने माडलों की कार्यप्रणाली और उपयोगिता भी बताई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।