Below 30 on YouTube: आगरा में घुड़सवार की पोशाक देख थम गए वाहनों के पहिए, जानिए क्या थी वजह
Below 30 on YouTube सिकंदरा की आवास विकास कालोनी का मामला। पहले घोड़े पर बैठकर लगाई दौड़ फिर चौराहे पर बाथ टब में स्नान। आगरा के रहने वाले सुयश मिश्रा below 30 on youtube के नाम से यूट्यूब पर अपनी शार्ट फिल्म बनाकर डाउनलोड करते हैं।
आगरा, अली अब्बास। आगरा की सिकंदरा आवास विकास कालोनी में घुड़सवार की पोशाक ने वाहनों के पहिए थाम दिए। लोग घुड़सवार के ड्रेस सेंस को देखकर हैरान-परेशान थे। उनकी हैरानी घुड़सवार के अगले कदम ने और बढ़ा दी। जब बीच चौराहे पर उसने बाथ टब में बैठकर ब्रश किया, नहाया और तरबूज खाया। इससे आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। कोरोना वायरस संक्रमण के तनाव से जूझते लोगों के चेहरे पर कुछ देर के लिए ही सही, मगर मुस्कुराहट तैर गई।
मामला आवास विकास कालोनी कैला देवी चौराहे पर हुई बुधवार को यूट्यूब के लिए शूट हुई शार्ट फिल्म का है। शार्ट फिल्म का सीन शूट करने के लिए एक्टर सुयश मिश्रा निकर में घुड़सवारी करते हुए कैला देवी चौराहे तक पहुंचे। उन्हें इस ड्रेस में देख व्यस्त चौराहे पर कुछ देर के लिए वाहनों के पहिए थम गए। चौराहे के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। लोग एक्टर के अगले सीन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान चौराहे के गोल चक्कर पर एक लाल रंग का बाथ टब लाकर रख दिया गया। एक्टर के साथ आई टीम ने इसमें पानी भर दिया। इसके बाद एक्टर ने बाथ टब में जाकर ब्रश करने और नहाने का सीन किया। इसके बाद हाथों में तरबूज लेेकर उसे खाते हुए नजर आए।
इस दौरान करीब दस मिनट तक चौराहे पर लोगों की भीड़ जुटी रही। शूटिंग अचानक होने के चलते लोग यह नहीं समझ पाए कि यह सब क्या हो रहा है। इसे करने वाला कौन है, लेकिन जब लोगों को पता चला कि यह यूट्यूब के लिए शार्ट फिल्म की शूटिंग है तो उनकी उत्सुकता शांत हुई।
below 30 on youtube
आगरा के रहने वाले सुयश मिश्रा सेंट कानरेड्स से 2019 के पासआउट हैं। वर्तमान में वह नोएडा फिल्म सिटी में मारवाह स्टूडियो से अभिनय और उससे जुड़ी बारीकियां सीख रहे हैं। वह below 30 on youtube के नाम से यूट्यूब पर अपनी शार्ट फिल्म बनाकर डाउनलोड करते हैं। इस चैनल पर उनकी अच्छी खासी फैंस फालोइंग है।