विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Happy Diwali का संदेश कहीं निकाल न दे 'दिवाला', साइबर शातिरों ने चली नई चाल

By Ali Abbas Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 05 Nov 2026 03:43 PM (IST)

साइबर अपराधी 'शुभ दीपावली' संदेशों के बहाने APK फाइल भेजकर लोगों के बैंक खाते खाली करने की कोशिश कर रहे ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

अली अब्बास, आगरा। शुभ दीपावली के नाम से भेजा गया शुभकामना संदेश आपका बैंक खाता खाली करके दिवाला निकाल सकता है। साइबर अपराधियों ने दीपावली की शुभकामनाओं के नाम से एपीके फाइल भेजना शुरू कर दिया। जिसे क्लिक करते ही मोबाइल हैक करके ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से लोगों खाते खाली करने का प्रयास कर रहे हैं।

पुलिस कमिश्नरेट में दस महीने में साइबर अपराधियों के हाथों लोगों ने 21 करोड़ रुपये गंवा दिए हैं। साइबर अपराधी भी अब माैसम के अनुसार मैसेज और लिंक भेजते हैं। दो महीने से वह शहर के लोगों को ग्रीन गैस मीटर अपडेट, सब्सिडी लौटाने या बिल के 12 रुपये बकाया होने का झांसा देकर लोगों को शिकार बना रहे थे। दो दर्जन से अधिक लोगों से तीन करोड़ रुपये से अधिक की रकम ठग चुके हैं।

अब दीपावली का त्योहार होने के चलते शुभकामना संदेश भेजने लगे हैं। बुधवार को साइबर क्राइम सेल दो मामले पहुंचे। जिसमें दीपावली की शुभकामना के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक करने का प्रयास किया गया। समय रहते साइबर क्राइम सेल पहुंचने पर उनके बेंक खाते सुरक्षित रहें।

इस वर्ष रकम गंवाने वालों में अधिकांश लोग निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का शिकार हुए। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य ने बताया कि लोगों को एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने को लेकर जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया यूजर्स शुभकामना के नाम पर वाट्सएप पर आने वाली किसी भी एपीके फाइल या लिंक को क्लिक नहीं करे। साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल संपर्क करें।

यह रखें सावधानी

  • मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड का उपयोग करें।
  • सभी सोशल मीडिया अकाउंटस दो-कारक प्रमाणीकरण चालू रखें।
  • अपनी प्राइवेसी सेटिंग्स नियमित रूप से जांचें और अपडेट करें।
  • केवल पहचान वाले लोगों की ही फ्रेंड/फालो रिक्वेस्ट स्वीकार करें।
  • कोई भी पोस्ट, लिंक या जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें।
  • अपनी व्यक्तिगत जानकारी (मोबाइल नंबर, पता, बैंक विवरण आदि) सार्वजनिक न करें।
  • मोबाइल और एप्स को हमेशा अपडेट रखें।
  • संदिग्ध लिंक, मैसेज या प्रोफाइल मिलने पर तुरंत रिपोर्ट करें।
  • साइबर अपराध होने पर स्क्रीनशॉट, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखें।
  • अनजान लिंक, क्यूआर कोड क्लिक न करें।
  • फर्जी प्रोफाइल या अपरिचित लोगों पर भरोसा न करें।
  • अपनी लाइव लोकेशन, यात्रा की जानकारी या निजी फोटो सार्वजनिक रूप से साझा न करें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।