संत तय करेंगे तीनों अमृत स्नान की रूपरेखा...एकादशी, पूर्णिमा और दूज पर होगी बटेश्वर की परिक्रमा
बटेश्वर लोक मेला में महामंडलेश्वरों और संतों के अखाड़े सज चुके हैं, जहां वे एकादशी, पूर्णिमा और दूज पर अमृत ...और पढ़ें

आगरा के पास बटेश्वर में बनी शिव मंदिरों की श्रृंखला।
HighLights
बटेश्वर मेले में संतों के अखाड़े सजने लगे हैं।
मेले में दुकानें और मनोरंजन झूले स्थापित हो रहे हैं।
संवाद सूत्र, बटेश्वर (आगरा)। उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध बटेश्वर लोक मेला में महामंडलेश्वरों और संतों के अखाड़े सज चुके हैं। मंगलवार को विभिन्न अखाड़ों में पूजा-अर्चना कर ध्वज स्थापित किए गए। इसके साथ ही संतों के ठहरने और भोजन की व्यवस्थाएं भी शुरू हो गई हैं।
बुलंदशहर से आए संत रामानंद सरस्वती के विष्णु संन्यास धाम आश्रम की ओर से अखाड़े का शुभारंभ किया गया। महामंडलेश्वर हरिशरण दास जी महाराज ने पूजा-अर्चना के बाद ध्वज स्थापित किया और संतों के लिए भोजन व्यवस्था शुरू कराई। हरियाणा के करनाल से आए बाबा छोटूगिरी महाराज ने बनखंडेश्वर मंदिर पर अपना अखाड़ा स्थापित कर लिया है।
वहीं महामंडलेश्वर बाबा बालक दास जी महाराज का अखाड़ा भी तैयार हो गया है। वह बुधवार को साज-सज्जा के साथ बटेश्वर पहुंचेंगे। इसके बाद संतों के साथ बैठक कर तीनों अमृत स्नान की कार्ययोजना और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। संत एकादशी, पूर्णिमा और दूज पर तीर्थ बटेश्वर की परिक्रमा कर अमृत स्नान करते हैं। अन्य संतों के पहुंचने के बाद स्नान और परिक्रमा की विस्तृत व्यवस्था तय होगी।
आकार लेने लगा बटेश्वर मेला
उत्तर भारत के प्रसिद्ध बटेश्वर लोक मेले का स्वरूप अब धीरे-धीरे आकार लेने लगा है। मेला क्षेत्र में जगह-जगह दुकानें सजने लगी हैं। दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। वहीं मनोरंजन के लिए आसमानी झूले भी स्थापित कर दिए गए हैं। इससे मेले की रौनक बढ़ने लगी है।
मेले में आने वाले लोगों की जरूरतों और पसंद को ध्यान में रखते हुए दुकानदार विभिन्न प्रकार के सामान की दुकानें लगा रहे हैं।
कहीं दुकानें सजाई जा रही हैं तो कहीं सामान व्यवस्थित किया जा रहा है। झूले स्थापित होने से बच्चों और युवाओं में भी मेले को लेकर उत्सुकता बढ़ने लगी है। मेला क्षेत्र में बढ़ती गतिविधियों से अब मेले की तस्वीर साफ नजर आने लगी है। खाली मैदानों में दुकानें और झूले दिखाई देने लगे हैं।
धीरे-धीरे बाजार का विस्तार होने के साथ ही बटेश्वर लोक मेले की पारंपरिक रौनक लौटने लगी है। आने वाले दिनों में शेष दुकानों और मनोरंजन के साधनों के स्थापित होने के साथ मेला पूरी तरह गुलजार हो जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।