Monument of Agra Unlock: 1 सितंबर से खुलेंगे आगरा के सभी स्मारक पर नहीं खुलेगा ताज महल− किला का ताला
Monument of Agra Unlock कोविड-19 के संक्रमण को देखते हुए 17 मार्च को एएसआइ ने किए थे बंद। डीएम ने बफर जोन से बाहर किया शनिवार व रविवार को बंद रहेंगे स्मारक।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में ताजमहल और आगरा किला को छोड़कर अन्य स्मारक एक सितंबर से खुल जाएंगे। गुरुवार को जिला प्रशासन द्वारा ताज और किला को छोड़कर अन्य स्मारकों को बफर जोन से बाहर कर दिया गया। पर्यटकों को कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार स्मारक में भ्रमण के दौरान शारीरिक दूरी के पालन के साथ मास्क लगाना अनिवार्य होगा। वहीं, उप्र सरकार की साप्ताहिक बंदी के चलते शनिवार व रविवार को स्मारक बंद रहेंगे।
कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए एहतियातन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने 17 मार्च से देशभर के सभी स्मारक बंद कर दिए थे। छह जुलाई को देशभर में सभी स्मारक खोल दिए गए थे, लेकिन आगरा में जिला प्रशासन ने स्मारकों को बफर जोन में मानते हुए उन्हें खोलने की अनुमति प्रदान नहीं की थी। यहां पांच माह से अधिक समय से पर्यटन कारोबार पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। गुरुवार दोपहर डीएम प्रभु एन. सिंह ने ट्वीट कर ताजमहल व आगरा किला को छोड़कर अन्य ऐतिहासिक स्मारकों को बफर जोन से बाहर करते हुए एक सितबंर से खोले जाने की जानकारी दी, जिससे पर्यटन उद्यमियों को राहत मिली है।
यह स्मारक खुलेंगे
प्रवेश शुल्क वाले फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, एत्माद्दौला, मेहताब बाग, रामबाग, मरियम टॉम्ब और बिना प्रवेश शुल्क वाले जामा मस्जिद, चीनी का राेजा समेत अन्य सभी स्मारक एक सितंबर से खुलेंगे।
वीकेंड टूरिज्म नहीं होगा
आगरा में स्मारकों को देखने के लिए सप्ताहांत में शनिवार व रविवार को ही सर्वाधिक पर्यटक आगरा आते हैं। शुक्रवार रात 10 से सोमवार सुबह पांच बजे तक 55 घंटे की उप्र में साप्ताहिक बंदी के चलते शनिवार व रविवार को स्मारक बंद रहेंगे। इससे वीकेंड टूरिज्म आगरा में नहीं हो सकेगा।
168 दिन की बंदी का रिकॉर्ड
ताज को छोड़ दें तो अन्य सभी स्मारक संरक्षित घोषित होने के बाद से पहली बार पर्यटकों के लिए बंद हुए थे। 168 दिन की रिकॉर्ड बंदी के बाद वो एक सितंबर से खुलेंगे। ताज इससे पूर्व भारत-पाक युद्ध, 1971 के दरम्यान चार से 18 दिसंबर तक 15 दिन और सितंबर, 1978 में यमुना में बाढ़ के चलते सात दिन को बंद रहा था।
केस निकला तो क्या होगा?
जिला प्रशासन ने ताजमहल व आगरा किला को छोड़कर अन्य स्मारकों को बफर जोन से बाहर कर दिया है। एक सितंबर में अभी 11 दिन बाकी हैं। इस बीच अगर स्मारकों के नजदीक कोरोना संक्रमित केस मिलता है और क्षेत्र बफर जोन घोषित होता है तो फिर स्मारक खुलेगा या नहीं, यह सवाल अभी खड़ा है।