एक और स्मारक पर जल्द मिलेगी बेबी केयर रूम की सुविधा, ASI ने बनाया प्लान Agra News
ताज व आगरा किला में एएसआइ पहले ही कर चुका है सुविधा शुरू। अब फतेहपुरसीकरी में जोधाबाई महल में शुरू होगी दुुधमुंहे बच्चों के साथ आने वाली महिलाओं के लिए व्यवस्था।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजमहल व आगरा किला के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने फतेहपुर सीकरी में भी बेबी केयर व फीडिंग रूम बनवाने का काम शुरू कर दिया है। यहां जोधाबाई पैलेस में यह रूम बनाया जा रहा है। 3.92 लाख रुपये के व्यय से बन रहा रूम एक माह में तैयार होगा। इससे दुधमुंहे बच्चों के साथ आने वाली महिला पर्यटकों को सुविधा मिलेगी।
एएसआइ ने देशभर के स्मारकों में बेबी केयर व फीडिंग रूम बनवाने की शुरुआत आगरा से की थी। 29 अगस्त को केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ताजमहल में सुविधाओं से युक्त बेबी केयर व फीडिंग रूम का उद्घाटन किया था। इसके बाद 20 सितंबर को आगरा किला में सांसद एसपी सिंह बघेल ने बेबी केयर व फीडिंग रूम का उद्घाटन किया था। इससे दुधमुंहे बच्चों के साथ आने वाली महिलाओं को स्मारकों में अप्रिय स्थिति का सामना नहीं करना पड़ रहा है। इसी कड़ी में फतेहपुर सीकरी स्थित जोधाबाई पैलेस में बेबी केयर व फीडिंग रूम बनवाने का काम एएसआइ ने शुरू करा दिया है। रूम में महिला पर्यटकों व बच्चों की सुविधा को एयरकंडीशनर, फैन, कुर्सी, सोफा, टेबल आदि की व्यवस्था की जाएगी। करीब एक माह में यह रूम बनकर तैयार हो जाएगा।
अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि फतेहपुर सीकरी में जोधाबाई पैलेस का चयन बेबी केयर व फीडिंग रूम के लिए किया गया है। महिलाओं को सुविधा उपलब्ध कराने को यह रूम बनवाया जा रहा है।