...कहीं पति ने ही भाड़े के शूटर्स तो नहीं चलवाई पत्नी पर गोली, शक की सुई टिकी
घायल महिला के पति पर भाड़े के शूटरों से हमला करवाने का आरोप। पति और उसकी महिला मित्र के मोबाइल की डिटेल की छानबीन।
आगरा, जागरण संवाददाता। पति, पत्नी और वो। कुछ ऐसी ही कहानी सामने निकलकर आ रही है। ताजगंज में मार्निंग वॉक पर गई जिस महिला को गोली मारी गई थी, उस मामले में पुलिस उसके पति और महिला मित्र के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है। महिला के भाई ने जानलेवा हमले में पति समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
ताजगंज के कौलक्खा में वृंदावन कॉलोनी के सामने गुरुवार सुबह मार्निंग वॉक पर गई 38 वर्षीय सुंदरी पत्नी जय प्रकाश को बाइक सवारों ने गोली मार दी थी। गोली सुंदरी की गर्दन के नीचे लगी थी। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सुंदरी के परिजनों का आरोप है कि पति ने भाड़े के शूटरों से हमला करवाया। उन्होंने सुंदरी के पति जय प्रकाश, चचिया ससुर सुनहरी और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस की छानबीन में 'पति-पत्नी और वो' का मामला सामने आया है। पुलिस ने पति से पूछताछ की तो हमला कराने से साफ इन्कार किया। अब पुलिस जय प्रकाश और उसकी महिला मित्र की कॉल डिटेल की खंगाल रही है। इंस्पेक्टर ताजगंज डॉ. विनोद कुमार पायल ने बताया घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।