आगरा में बोले राज्य मंत्री असीम अरुण, भाजपा का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है गरीब कल्याण, सरकार बना रही एक्सप्रेसवे-एयरपोर्ट
UP Minister Asim Arun आगरा में एक कार्यक्रम में आए योगी सरकार में राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा खेल सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। आगरा में खेल की अपार संवाभवनाएं हैं। बैडमिंटन पर कहा कि ये उनका पसंदीदा खेल है।
आगरा, जागरण संवाददाता। भाजपा का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट गरीब कल्याण है। हम एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट बना रहे हैं, मगर हमारा पहला प्रोजेक्ट गरीब कल्याण ही है। कोविड की वजह से बनी परिस्थितियों और लोगों की जरूरत को देखते हुए राशन वितरण योजना को तीन माह के लिए बढ़ाया गया है, जिससे कि बाजार की जरूरत को पूरा किया जा सके। इससे उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।
खेल सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने गुरुवार को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रेसवार्ता में यह बात कही। विजय शर्मा स्मृति उप्र ईस्ट जोन सेलेक्शन बैडमिंटन प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में आए राज्य मंंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के सवाल पर कहा कि आगरा अंतरराष्ट्रीय नगर है। अंतराष्ट्रीय सुविधाओं व पहचान को आगे बढ़ाने का काम सरकार करेगी। यहां खेल सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा, जिससे कि यहां बड़े इवेंट हो सकें। उन्होंने कहा कि अागरा आना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
बैडमिंटन के प्रति खिलाड़ियों की बढ़ेगी रुचि
विजय शर्मा महान खिलाड़ी थे और उनकी स्मृति में हो रहे टूर्नामेंट में 700 से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की उन्हें बहुत खुशी है। बैडमिंटन व अन्य खेलों को अागे बढ़ाने के लिए यह टूर्नामेंट मील का पत्थर साबित होगा। बैडमिंटन के प्रति खिलाड़ियों की रुचि बढ़ेगी। टूर्नामेंट में प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश टीम का चयन किया जाएगा और उनका कैंप लगाया जाएगा। खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। बच्चे, बूढ़े और जवान सभी बैडमिंटन खेलते हैं। उन्हें भी बैडमिंटन पसंद है।