विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

7000 साल पुराने खजाने को संजोएगा ASI, फतेहपुर सीकरी की 'रॉक पेंटिग्स' अब संरक्षित धरोहर घोषित; सरकारी आदेश जारी

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Sat, 24 Oct 2026 06:42 AM (IST)Updated: Sat, 24 Oct 2026 06:49 AM (IST)

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने फतेहपुर सीकरी की अरावली पहाड़ियों में स्थित 7000 साल पुरानी शैल चित्रों को संरक्षित धरोहर घोषित किया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. एएसआई ने फतेहपुर सीकरी के शैल चित्रों को संरक्षित किया।

  2. 7000 साल पुरानी प्रागैतिहासिक राक पेंटिंग्स अब सुरक्षित।

  3. चील की गुफा, नाई की गुफा का संरक्षण होगा।

जागरण संवाददाता, आगरा। फतेहपुर सीकरी में अरावली की पहाड़ियों में स्थित सात हजार वर्ष पुरानी प्रागैतिहासिक काल की राक शैल्टर्स (शैलाश्रय) में बनीं राक पेंटिंग्स (शैल चित्र) अब संरक्षित धरोहर हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने यहां चील की गुफा और नाई की गुफा के संरक्षण को प्रारंभिक अधिसूचना कर दी है। अधिसूचना पर 60 दिन में आपत्तियां मांगी गई हैं।

आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम अधिसूचना जारी होगी। फतेहपुर सीकरी के रसूलपुर, मदनपुरा, पतसाल और जाजौली में उत्तर पाषण काल से लेकर गुप्त काल (तीसरी शताब्दी तक) के मध्य बनी राक पेंटिंग्स हैं। अवैध खनन से इन्हें क्षति पहुंची है। दो दशक पहले खनन पर रोक लगाने के बाद कुछ राक शैल्टर्स बच गए हैं। इनमें राक पेंटिंग्स बनी हुई हैं।

यह देखरेख के अभाव में नष्ट हो रही थीं। संरक्षित धरोहर घोषित किए जाने से इनका संरक्षण हो सकेगा। दिल्ली में एएसआइ की तकनीकी मूल्यांकन समिति की अगस्त में हुई बैठक में राक शैल्टर्स के संरक्षण के प्रस्ताव को सहमति दे दी गई थी। 14 अक्टूबर को विभाग ने रसूलपुर, पतसाल और जाजौली (मदनपुरा) स्थित राक शैल्टर्स को संरक्षित स्मारक घोषित करने को प्रारंभिक अधिसूचना जारी कर दी।

प्रागैतिहासिक काल की पहली धरोहर

19 अक्टूबर को एएसआइ की वेबसाइट पर अधिसूचना जारी कर आपत्ति मांगी हैं। रसूलपुर में बने राक शैल्टर को चील की गुफा और पतसाल के शैल्टर को नाई की गुफा के नाम से जाना जाता है। अधीक्षण पुरातत्वविद डा. स्मिथा एस. कुमार का कहना है कि राक शैल्टर्स आगरा सर्किल में संरक्षित की गई प्रागैतिहासिक काल की पहली धरोहर है।

यह भी पढ़ें- रेलवे ग्रुप डी के निकलेंगी 30000 पदों पर भर्तियां, दीपावली से पहले हो सकती है घोषणा

पतसाल व जाजौली स्थित राक शैल्टर्स सबसे अधिक चित्रित हैं। मदनपुरा में दंतीला हाथी, नील गाय, सांड और रसूलपर में जटिल अल्पना चित्र बने हुए हैं। प्रागैतिहासिक काल की संरक्षित अन्य धरोहरों में मध्य प्रदेश के रायसेन स्थित भीमबेटका और मध्य प्रदेश के आदमगढ़ स्थित शैलाश्रय हैं।