TrumpVisitIndia: ट्रंप के स्वागत में आगरा में कुछ ऐसी है सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी Agra News
प्रदेश भर से आगरा आएंगे तीन हजार कलाकार। 16 स्थलों पर होंगे विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम। राधा-कृष्ण का स्वरूप धारण करेंगे 500 कलाकार।
आगरा, अमित दीक्षित। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत में प्रदेश संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। काफिले के रास्ते में जगह-जगह खास कार्यक्रम होंगे। इसमें रामलीला से लेकर चरकुला और नौटंकी तक का इंतजाम किया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश भर से तीन हजार कलाकार बुलाए गए हैं।
खेरिया एयरपोर्ट से लेकर होटल अमर विलास और वहां से ताज पूर्वी गेट की दूरी करीब 14 किलोमीटर है। अमेरिकी राष्ट्रपति इसी मार्ग से गुजरेंगे। इस मार्ग पर 16 जगह बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। मंच बनाकर आठ से दस कलाकार एक साथ प्रस्तुति देंगे। प्रदेश भर से बुलाए गए तीन हजार कलाकार 22 और 23 फरवरी को आगरा पहुंच जाएंगे। 500 सौ कलाकार राधा-कृष्ण का स्वरूप धारण कर रास रचाएंगे। एयरपोर्ट पर साढ़े तीन सौ कलाकार मयूर डांस प्रस्तुत करेंगे।
यह होंगे कार्यक्रम
-ब्रज क्षेत्र : मयूर डांस, रसिया, चरकुला, बम रसिया, रासलीला, रामलीला, राधा-कृष्ण का स्वरूप। कुल कलाकार एक हजार।
-बुंदेलखंड : नौटंकी, आल्हा, पाईडंडा। कुल कलाकार छह सौ।
-पूर्वांचल क्षेत्र: कथक, रामलीला, स्टेज प्ले, धुनमुनिया कजरी। कुल कलाकार एक हजार
-पश्चिम क्षेत्र : रागिनी, स्वांग, नौटंकी, गोजरी, घूमर। कुल कलाकार दो सौ।
-अवध क्षेत्र: रामलीला, राम दरबार, फरूवाही, बहुरूपिया। कुल कलाकार एक हजार।
इन जगहों पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्थल का नाम - कलाकारों की संख्या
- खेरिया मोड़ पुलिस चौकी- 175
- ईदगाह बस स्टैंड चौराहा- 175
- एडीआरडीई चौराहा- 175
- प्रतापपुरा चौराहा- 175
- मेहर टाकीज के पास- 175
- कमिश्नरी कैंप कार्यालय का मोड़- 175
- एएसआइ चौराहा- 175
- फूल सैयद चौराहा- 175
- होटल हावर्ड तिराहा- 175
- होटल ट्राइडेंट तिराहा- 175
- टीडीआइ माल के पास- 175
- कलाकृति के पास- 175
- ताज खेमा- 50
- एयरफोर्स स्टेशन- 350
- होटल अमर विलास- 80
- होटल रेडिसन के पास- 175
'अमेरिकी राष्ट्रपति का प्रस्तावित दौरा 24 फरवरी को है। उनके स्वागत में तीन हजार कलाकार विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे'।
- प्रभु एन. सिंह, डीएम आगरा