Arjun Award: ताजनगरी का शहान नामांकित, फेडरेशन ने भेजा मंत्रालय को नाम, ये हैं उपलब्धियां
Arjun Award शहान देश के पहले कार्टिंग ड्राइवर हैं जिनको यह नामांकन मिला है।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी का मान बुधवार को युवा कार्टिंग और कार रेसिंग ड्राइवर शहान अली मोहसिन ने बढ़ाया। फ़ेडरेशन ऑफ मोटर स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया ने शहान को अर्जुन अवार्ड के लिए नामांकित किया है। शहान देश के पहले कार्टिंग ड्राइवर हैं जिनको यह नामांकन मिला है।
महज़ 15 साल की उम्र में अर्जुन अवार्ड का नामांकन पाना अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है। फेडरेशन ने दो दिन पहले मोटरसाइकिल रेसर सीएस संतोष और ऐश्वर्या पिससेय को नामांकित किया था। लॉक डाउन के चलते शहान का आवेदन नहीं पहुँच पाया था। जब फ़ेडरेशन की काउन्सिल ने शहान के आवेदन को देखा तो उपलब्धियों को देखते हुए तत्यपरता से शहान का नाम युवा एवं खेल मंत्रालय को भेज दिया। अर्जुन अवार्ड पिछले चार साल की उपलब्धियों के आधार पर मिलता है। शहान ने इन चार साल के दौरान एशिया मैक्स कार्टिंग चैंपियनशिप मलेशिया में बहुत सारी पोडियम फ़िनिश के अलावा एशियन चैम्पीयन्शिप भी जीती। इसके अलावा रोटेक्स ग्रांड फेस्टिवल ऑस्ट्रिया में तथा रोटेक्स सेंट्रल यूरोपियन चैंपियनशिप में भी पोडियम फ़िनिश हासिल की। 2019 में इटली में रोटेक्स ग्रांड फ़ाइनल जो कि कर्टिंग का ओलम्पिक कहलाता है में टॉप टेन में क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय ड्राइवर बने। इस इवेंट में उन्होंने हीट्स में चौथा और सातवां स्थान प्राप्त किया जो भारत का अब तक का सबसे अच्छा रिज़ल्ट है। खेल मंत्रालय की समिति सारे नामों पर चर्चा कर के उन नाम की घोषणा करेगी जिनको अर्जुन अवार्ड मिलेगा।
लगातार चार बार रह चुका है नेशनल चैंपियन
शहान कार्ट रेसिंग की दुनिया का चमकता सितारा ऐसे ही नहीं बना है। शहान के नाम लगातार चार बार नेशनल चैंपियन बनने का रिकॉर्ड दर्ज है। वर्ष 2015, 16, 18 और 19 में नेशनल कार्ट चैपियन रह चुका है। इतनी कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले सम्मान भी शहान के नाम ही दर्ज है। शहर के खेल प्रेमियों में शहान को अर्जुन अवार्ड करने पर उत्साह है।