अरब सागर में बने लो प्रेशर से झमाझम बारिश, चलीं ठंडी हवाएं
सामान्य से सात डिग्री नीचे पहुंचा तापमान छाए रहे बादल
आगरा, जागरण संवाददाता। सुबह से बादल छाए रहने के साथ बुधवार को एक घंटे झमाझम बारिश हुई। दिन भर बूंदाबांदी होती रही, इससे अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश हो सकती है।
मानसून की विदाई पर अरब सागर में लो प्रेशर एरिया विकसित हुआ है। ये उत्तर पश्चिम की तरफ मुड़ गया है, इससे मिली नमी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान बढ़ने से छाए बादल बरसने लगे हैं। ऐसे में सुबह से बादल छाए रहे, सुबह 10 बजे बारिश शुरू हो गई, 11 बजे तक सिकंदरा, संजय प्लेस, आवास विकास कॉलोनी, कमला नगर सहित कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। 11.30 बजे बादल छट गए, दोपहर एक बजे दोबारा तेज बारिश शुरू हो गई। जीवनी मंडी, घटिया आजम खां, बेलनगंज सहित कई क्षेत्रों में करीब एक घंटे तेज बारिश हुई। दोपहर दो बजे के बाद बूंदाबांदी होने लगी, तीन बजे तक बूंदाबांदी होती रही। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 27.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे रात को ठंडी हवाएं चलने लगी, सर्दी का अहसास होने लगा है। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 23.7 डिग्री रहा। 24 घंटे में 11 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। 29 सितंबर तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में दबाव बनने से 27 से 29 सितंबर तक बारिश की संभावना व्यक्त की है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। सितंबर में 144 एमएमएम बारिश
सितंबर महीने में अभी तक 144 एमएम बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है, जिले में औसत 650 एमएम बारिश होती है, यह 700 एमएम को पार कर चुकी है। मौसम विभाग ने अक्टूबर में भी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।