Mining Mafia: आगरा में खनन माफिया का एक और हमला, एत्माद्दौला में ट्रैक्टर-ट्राली से बुजुर्ग को मारी टक्कर
Mining Mafia सिपाही की हत्या के बाद भी पुलिस की शह पर चल रहा अवैध खनन। वन विभाग की जमीन से रातभर जेसीबी से होता है अवैध मिट्टी खनन। गंभीर हालत में बुजुर्ग को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा, जागरण संवाददाता। खेरागढ़ में सिपाही की हत्या के बाद भी एत्माद्दौला क्षेत्र में पुलिस की शह पर धड़ल्ले से अवैध मिट्टी खनन चल रहा है। अवैध खनन कर मिट्टी ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने मंगलवार को सुबह टहल रहे बुजुर्ग रिटायर्ड बैंककर्मी के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। गंभीर हालत में बुजुर्ग को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कालिंदी विहार निवासी सेवानिवृत्त बैंककर्मी गंगा प्रसाद मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे कालिंदी विहार के 80 फीट रोड पर टहल रहे थे। तभी तेज रफ्तार में जा रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर के पहिए उनके पैरों पर होकर निकल गए। सिर में भी गंभीर चोट आई है। गंगाप्रसाद के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने के बाद चालक ट्रैक्टर -ट्राली तेज रफ्तार में लेकर भाग गया। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। गंगाप्रसाद को लोगों ने पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। यहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। लोगों का कहना है कि ट्राली में मिट्टी भरी थी। वन विभाग की जमीन में से अवैध मिट्टी खनन कर माफिया इसे सप्ताई करते हैं। रात नौ बजे से लेकर सुबह आठ बजे तक माफिया के ट्रैक्टर इसी तरह तेज रफ्तार में निकलते हैं। जेसीबी से अवैध खनन किया जाता है। इसके बाद भी पुलिस आंख बंद किए है। जिस स्थान से ट्रैक्टर वन विभाग के जंगल से सौ फीट रोड पर पहुंचते हैं, वहां पुलिस पिकेट भी रहती है। मगर, पुलिस उन्हें रोकती-टोकती नहीं है। खेरागढ़ में खनन माफिया के ट्रैक्टर से सिपाही की हत्या करने के बाद जिले में सख्ती हुई। मगर, एत्माद्दौला में पुलिस की शह पर अभी अवैध मिट्टी खनन चल रहा है।