Attack on Police: अछनेरा में गश्त करती पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागे पशु चोर
Attack on Police पुलिस ने भी की फायरिंग पीछा करने में पुलिस की गाड़ी भी हुई क्षतिग्रस्त। एक अन्य स्थान से पुलिस ने मैक्स पिक अप से पशु ले जा रहे तीन लोग दबोचे। इनके खिलाफ लिख दिया मुकदमा।
आगरा, जागरण संवाददाता। अछनेरा क्षेत्र में बिचपुरी रोड पर गुरुवार देर रात पुलिस और पशु चोरों की मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग कर पशु चोर टाटा 407 लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अन्य स्थान से एक टाटा मैक्स गाड़ी से भैस ले जा रहे तीन लोगों को पकड़ लिया। इनसे पूछताछ की जा रही है।
घटना गुरुवार रात तीन बजे की है। कुकथला चौकी प्रभारी हेमंत मावी टाटा सूमाे गाड़ी से गश्त कर रहे थे। उनके साथ चालक विपिन, कांस्टेबल महीपाल और सोनू भी थे। रायभा गांव से एक किमी पहले स्थित एसआर पेट्रोल पंप के पास उन्हें एक टाटा 407 गाड़ी से पशु ले जाते कुछ लोग दिखे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। मगर,चालक ने टाटा 407 नहीं रोकी। गाड़ी में बैठे लोगों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी फायरिंग की। यूपी 112 की पीआरवी भी वहां पहुंच गई। दोनों गाड़ियों से पुलिस ने फायरिंग करते हुए पीछा किया। पशु लेकर जा रही टाटा 407 के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पुलिस की गाड़ी उससे टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पशु चोर पुलिस पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पीआरवी से पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन पशु चोर भागने में सफल रहे। पुलिस ने रात में ही अछनेरा क्षेत्र से एक टाटा मैक्स गाड़ी को पकड़ा। इसमें पांच भैंस लेकर तीन लोग जा रहे थे। पुलिस ने इन्हें रोककर पूछताछ की। ये तीनों फरह क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस इनके बारे में पता कर रही है। अभी तक पकड़े गए लोग बता रहे हैं कि वे राजस्थान में पशु हाट से भैंस खरीदकर ला रहे थे। मगर, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इंस्पेक्टर अछनेरा उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि पुलिस पर फायरिंग कर भागे पशु चोरों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। रात में ही टाटा मैक्स गाड़ी से पकड़े गए लोगों के खिलाफ अलग मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।