यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आगरा की शाही जामा मस्जिद में मिला जानवर का कटा सिर, आक्रोश का माहौल; पुलिस ने ढूंढ़ निकाला आरोपी
आगरा की शाही जामा मस्जिद परिसर में शुक्रवार सुबह एक जानवर का सिर काटकर फेंका गया जिससे मुस्लिम समुदाय में ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, आगरा। मोहब्बत के शहर में नफरत फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। जुमे की नमाज से पहले गुरुवार देर रात अज्ञात युवक द्वारा शाही जामा मस्जिद में जानवर का कटा सिर फेंका गया। सुबह फजर की नमाज के लिए पहुंचे मुस्लिमों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर डीसीपी समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचकर जांच कर रहा है। लोगों को समझाकर शांत कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
.jpg)
यह है पूरा मामला
शाही जामा मस्जिद में सुबह नमाज पढ़ने आए मुस्लिम समाज के लोगों को मस्जिद परिसर में जानवर का कटा सिर पड़ा दिखा। उक्त पशु को मुस्लिम समाज में देखना भी अशुभ माना जाता है। पशु का कटा सिर देखते ही मुस्लिम समाज के लोग आक्रोशित होने लगे।
सूचना मिलते ही डीसीपी सिटी सोनम कुमार कई थानों के फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र को छावनी में बदल दिया। लोगों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। मौके पर मुस्लिम समाज के धर्म गुरुओं को बुलाया गया।
सीसीटीवी में युवक के हाथ में दिखा सिर
लोगों से अराजक तत्वों की साजिश को कामयाब न होने देने की अपील की गई। मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे में चेहरा ढके हुए एक युवक हाथ में कटा सिर लेकर आता दिखाई दिया। डीसीपी सोनम कुमार ने लोगों को जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
.jpg)
जुमे की नमाज के लिए अलर्ट
घटना के बाद जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर में नमाज के वक्त धर्मस्थलों के बाहर पुलिस तैनात रहेगी। सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जा रही है।
मंटोला के युवक ने फेंका था सिर
वहीं, पुलिस की आधा दर्जन टीमों ने सीसीटीवी और अन्य माध्यम से युवक की तलाश कर ली है। पुलिस के अनुसार, मंटोला के रहने वाले नजरुद्दीन ने शाही जामा मस्जिद में जानवर का सिर फेंका था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नजरुद्दीन को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी की पहचान के लिए लोकल इंटेलिजेंस के साथ स्थानीय लोगों की भी मदद ली गई।
