Donald Trump India Visit: एडवांस टीम पहुंची खेरिया एयरपोर्ट, छाना चप्पा- चप्पा Agra News
सुरक्षा का जायजा लेने के बाद अमेरिकन एडवांस टीम की चल रही विदेश मंत्रालय के अधिकारियाेंं संग गोपनीय मीटिंग।
आगरा, जागरण संवाददाता। दुनिया के सबसे ताकतवर देश के राष्ट्रपति का मोहब्बत की नगरी में आगमन। हर तरफ तैयारियों का माहौल और सबसे ज्यादा ध्यान सुरक्षा की हर तह अभेद् रखने के इंतजाम। कहीं कोई चूक न रह जाए इसका ध्यान भारतीय शासन प्रशासन के साथ अमेरिकी अधिकारियों द्वारा भी खासा रखा जा रहा है। सुरक्षा के विभिन्न बिंदुओं की जांच के लिए बुधवार सुबह ही अमेरिकी एडवांस टीम खेरिया एयरपोर्ट पहुंच गई। यहां करीब आधा घंटे तक टीम ने सुरक्षा का जायजा लिया। इसके बाद वापस होटल आकर भारतीय विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के संग गोपनीय बैठक चल रही है।
इससे पूर्व मंगलवार को भी अमेरिकी एडवांस टीम और भारतीय विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने करीब 40 मिनट तक खेरिया एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंथन किया था। माना जा रहा है कि वह एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा गया है। स्वागत के दौरान कितने लोग रहेंगे? इस पर भी मंथन किया गया। इसके बाद टीम ने खेरिया एयरपोर्ट से निरीक्षण शुरू किया। रास्ते में एक मकान की छत पर होर्डिग लगी थी। जिसे तुरंत हटाने के आदेश दिए गए। वहीं तीन दुकानों से बड़े साइन बोर्ड हटाने को कहा गया। टीम को ईदगाह के आसपास भी कई कमियां नजर आईं। एडीआरडीई रोड पर एक पाइप से गंदा पानी गिर रहा था। इसे लेकर जानकारी मांगी गई। टीम कुछ देर के लिए अवंतीबाई चौराहा पर भी रुकी,फिर सीधे दोपहर ढाई बजे ताजमहल पहुंची। स्मारक में प्रवेश के बाद एडवांस टीम दो दलों में बंट गई। एक दल ने अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार के साथ मुख्य गुंबद तक दौरा कर अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी जुटाई। दूसरा दल सीआइएसएफ कमांडेंट के साथ रहा। सुरक्षा संबंधी इंतजाम जाने। विजिट के दौरान होने वाली व्यवस्था के बारे में उन्होंने जानकारी जुटाई। एक घंटे से अधिक समय तक अमेरिकी एडवांस टीम स्मारक में रही। 24 फरवरी के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए शहर को चाक चौबंद सुरक्षित घेरे में रखा जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को 2.15 घंटे शहर में रहेंगे। इस बीच वह परिवार के साथ एक घंटे ताज में बिताएंगे। ट्रंप की मौजूदगी के वक्त ताज में सिर्फ अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां और कमांडोज का घेरा होगा।