Shri Krishna JanamBhoomi Case: अखिल भारत हिंदू महासभा ने फिर मांगी मथुरा की शाही मस्जिद ईदगाह में आरती की अनुमति
Shri Krishna JanamBhoomi Case अखिल भारत हिंदू महासभा ने बीते दिनों एलान किया था कि शाही मस्जिद ईदगाह में लड्डू गोपाल को ले जाकर छह दिसंबर को जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद पूरे देश में हलचल मच गई। कई संगठनों ने पदयात्रा निकालने का भी एलान किया था।
आगरा, जागरण टीम। अखिल भारत हिंदू महासभा ने फिर जिला प्रशासन से शाही मस्जिद ईदगाह में लड्डू गोपाल की आरती करने की अनुमति मांगी है। विश्व मानवाधिकार दिवस पर दस दिसंबर को दस मिनट के लिए अनुमति देने का पत्र भी डीएम को भेजा है। अनुमति न मिलने पर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है।
अखिल भारत हिंदू महासभा ने बीते दिनों एलान किया था कि शाही मस्जिद ईदगाह में लड्डू गोपाल को ले जाकर छह दिसंबर को जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद पूरे देश में हलचल मच गई। कई संगठनों ने पदयात्रा निकालने का भी एलान किया था। बाद में प्रशासन के दबाव में जलाभिषेक व अन्य कार्यक्रम तो स्थगित कर दिए, लेकिन शाही मस्जिद ईदगाह और श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कड़ी सुरक्षा रही। मंगलवार को एक वीडियो जारी कर महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्यश्री चौधरी ने कहा कि डीएम को ई-मेल से पत्र भेजकर दस दिसंबर विश्व मानवाधिकार दिवस के दिन शाही मस्जिद ईदगाह में लड्डू गोपाल की आरती करने की अनुमति मांगी गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन दस मिनट के लिए आरती की अनुमति दे। पिछले दिनों प्रशासन ने जलाभिषेक की अनुमति नहीं दी थी, इससे कृष्ण प्रेमियों और सनानती लोगों को कष्ट हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने अनुमति नहीं दी, तो इसके विरोध में देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। पूरे देश में कृष्ण प्रेमियों की राय के मुताबिक आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।