विवादित ढांचा विध्वंस की बरसी पर अलर्ट, आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील
छह दिसंबर के मद्देनजर अधिकारियों ने शांति समितियों संग की बैठक। अराजक तत्वों, अफवाह फैलाने वालों पर रख रही पुलिस नजर।
आगरा, जेएनएन। अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस की बरसी पर पूरे ब्रज मंडल में अलर्ट है। आगरा, मथुरा, फीरोजाबाद, मैनपुरी, एटा और कासगंज में पुलिस-प्रशासन पूरी चौकसी बरत रहा है। धार्मिक स्थलों के आसपास नजर रखी है। राजनीतिक दलों के साथ शांति कमेटियों के साथ भी बैठकें की गई हैं।
छह दिसंबर के मद्देनजर आगरा पुलिस लाइन में अधिकारियों ने शांति समितियों संग बैठक की। इसमें एसएसपी अमित पाठक ने सुलहकुल नगरी के आपसी सौहार्द को बनाए रखने की अपील की।
छह दिसंबर को लेकर विभिन्न संगठनों द्वारा इसे अलग-अलग तरीके से मनाने का ऐलान किया गया है। ऐसे में शांति समितियों की भूमिका अहम हो जाती है। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने पुलिस लाइन में बैठक बुलाई थी। इसमें शहर के सभी थानों की समिति के लोग पहुंचे। एसएसपी ने अधिकारियों को ज्ञापन देने के लिए आने वालों को नारेबाजी और हंगामा नहीं करने की हिदायत दी। शांति समिति के सदस्यों ने अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने को कहा। एसएसपी ने बताया कि ऐसे लोगों पर साइबर सेल विशेष नजर रखेगी। बैठक में एसपी सिटी प्रशांत वर्मा, एडीएम सिटी केपी सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इधर गुरुवार सुबह से ही धार्मिक स्थलों के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया। विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक आम दिनों जैसा ही नजारा दिखाई दिया। आगरा में मुस्लिम बाहुल्य इलाके नाई की मंडी में समाज के लोगों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है।