Bell Bottom से टूटेगा आगरा के Cinema Hall का सन्नाटा, डेढ़ साल बाद रिलीज हो रही बड़ी फिल्म
रक्षाबंधन पर अक्षय कुमार की बेल बाटम रिलीज होगी। सिनेमाघरों से कोरोना का साया छटने लगा है। हालात सामान्य होते देख नई फिल्में रिलीज होने लगी हैं। आगरा में मार्च 2020 में बागी-3 फिल्म रिलीज हुई थी। इसके बाद से अब तक कोई नई फिल्म नहीं लगी थी।
आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना संक्रमण की वजह से प्रभावित चल रहे सिनेमाघरों में रौनक लौटने लगी है।लंबे अंतराल के बाद सिनेमाहाल और मल्टीप्लेक्स में नई फिल्म रिलीज हो रही है। अक्षय कुमार की ''बेल बाटम'' रिलीज होगी। सिनेमाघरों से कोरोना का साया छटने लगा है। हालात सामान्य होते देख नई फिल्में रिलीज होने लगी हैं। लंबे अंतराल के बाद इस रक्षाबंधन पर बड़ी फिल्म रिलीज हो रही है।
कोरोना की दूसरी लहर के बाद जुलाई में सिनेमाघर भी खुल गए थे लेकिन दर्शकों की कमी को देखते हुए नई फिल्में रिलीज नहीं हो रही थीं। सिनेमाघरों में पुरानी फिल्में ही लग रही थीं। 19 अगस्त को अक्षय कुमार की नई फिल्म सिंगल और मल्टीप्लेक्स मेें लगने जा रही है। सिनेमाघर संचालकों का कहना है कि आगरा में मार्च 2020 में बागी-3 फिल्म रिलीज हुई थी। इसके बाद से अब तक कोई नई फिल्म नहीं लगी थी। कोरोना काल में सिनेमाघरों का करीब 70 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। सिनेमाघरों से जुडे़ करीब 600 परिवार भी प्रभावित हैं। एक वातानुकूलित सिनेमाघर के लिए करीब 220 वाट का कनेक्शन होता है। ऐसे में बिल का फिक्स और एनर्जी चार्ज ही करीब सवा लाख रुपये है। इसके अलावा कर्मचारियों का वेतन और सिनेमाघर के रखरखाव का खर्च करीब सवा लाख रुपये है। ऐसे में बडे़ सिनेमाघर संचालकों को हर माह ढाई लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। मल्टीप्लेक्स में यह नुकसान कहीं ज्यादा है।
करना होगा कोविड प्रोटोकाल का पालन
सिनेमाघर संचालकों को कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करना होगा। सभी दर्शकों को मास्क लगाना होगा। इसके साथ ही शारीरिक दूरी का भी पालन करना होगा। सैनिटाइजेशन की भी व्यवस्था करनी होगी।