भाजपा किसी की सगी नहीं, हम अग्रवाल समाज के साथ: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल के रोने पर भाजपा पर निशाना साधा है।
-1792855230913_m.webp)
HighLights
अखिलेश यादव ने डॉ. आकाश अग्रवाल के आंसुओं पर भाजपा को घेरा।
सपा अध्यक्ष ने अग्रवाल समाज के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना का वादा किया।
शिक्षक एमएलसी चुनाव में बूथ कैप्चरिंग के गंभीर आरोप लगाए गए।
जागरण संवाददाता, आगरा। शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल के आंसुओं पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा किसी की सगी नहीं है, हम आकाश अग्रवाल और अग्रवाल समाज के साथ हैं। अग्रवाल समाज को पार्टी से जोड़ने के लिए उन्होंने समय आने पर डॉ. आकाश अग्रवाल को यथाेचित सम्मान और स्थान देकर अग्रवाल समाज के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना करने की बात कही है।
सपा ने शिक्षक एमएलसी चुनाव में आगरा-अलीगढ़ से एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल को अंतिम समय पर प्रत्याशी बनाया था। शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुक्रवार को हुआ था।
शुक्रवार दोपहर कमिश्नरी में मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप से मिलने पहुंचे सपा प्रत्याशी ने फतेहाबाद, खेरागढ़, सैंया में बूथ कैप्चरिंग होने के आरोप लगाए थे। अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए वह फूट-फूटकर रोए थे और लखनऊ में अगले माह धर्म परिवर्तन का एलान किया था। समाजवादी पार्टी के फेसबुक अकाउंट पर शनिवार शाम पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने पोस्ट की। इसमें लिखा है कि
अखिलेश यादव ने कहा है कि उप्र व देश-दुनिया का संपूर्ण अग्रवाल समाज विधान परिषद सदस्य डॉ. आकाश अग्रवाल के आंसू देखकर बेहद आहत है। शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल को हराने के लिए भाजपाइयों, उनके संगी-साथियों व अधिकारियों ने मिलकर चुनावी घपलों की सारी हदें पार कर दीं, जिससे प्रताड़ित, दुखी व अपमानित होकर डॉ. आकाश अग्रवाल एक ऐसा फैसला लेने की घोषणा कर रहे हैं, जिससे उनकी तरह संपूर्ण अग्रवाल समाज भी व्यथित हो गया है। चुनाव के लुटेरे भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों की भ्रष्ट सत्ता अब और नहीं चलेगी। जनता अब इनकी जड़ में मट्ठा डाल देगी।
