यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Air Show Agra: आगरा के आसमान में हवाई करतब दिखाएंगे वायुसेना के जांबाज, आएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
Air Show Agra आगरा वायु सेना स्टेशन परिसर में 29 नवंबर को लगेगी विमानों सहित अन्य एजेंसियों के उपकरणों की ...और पढ़ें

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी के आसमान में 29 नवंबर की दोपहर आप हवाई करतब देख सकते हैं। भारतीय वायु सेना के विमान यह करतब दिखाएंगे। यह एक से दो घंटे तक चलेगा जबकि वायु सेना स्टेशन परिसर में विमानों सहित अन्य एजेंसियों के उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। हालांकि इस प्रदर्शनी को आम आदमी नहीं देख सकेंगे।
28 से 30 तक का है प्रोग्राम
वायु सेना स्टेशन, आगरा में अक्टूबर 2009 में भारत और अमेरिका की सेना के मध्य सैन्य अभ्यास हुआ था। इसमें भारतीय और अमेरिकी विमानों का प्रयोग किया गया था। स्टेशन में ही पहली बार अमेरिकी एयरक्राफ्ट सी-130 जे., सी-17 ग्लोबमास्टर सहित अन्य विमानों का प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद भारत ने सी-130 जे विमानों की खरीद की थी। स्टेशन में 28 से 30 नवंबर तक मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास-समन्वय-2022 आयोजित किया जा रहा है।
ये है शेड्यूल
पहले दिन सशस्त्र बलों व विभिन्न एजेंसियां आपसी तालमेल पर चर्चा करेंगी जबकि दूसरे दिन (29 नवंबर) को भारतीय वायु सेना के विमानों की प्रदर्शनी लगेगी। प्रदर्शनी में विमान हवाई करतब दिखाएंगे। इसकी शुरुआत दोपहर एक बजे से होगी जो तीन बजे तक चलेगा। इस दौरान मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहेंगे। स्टेशन परिसर में दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रों का संगठन (आसियान) के प्रतिनिधि भी रहेंगे। राहत और बचाव कार्य किस तरीके से आने वाले समय में किए जाएंगे। इसका भी प्रदर्शन किया जाएगा। तीसरे दिन विभागीय कार्यक्रम होंगे।
