आगरा AQI आज: प्रमुख जगहों पर कहां कितनी जहरीली है हवा? फतेहपुर सीकरी में 228 पहुंचा एक्यूआई
आगरा में मंगलवार को हवा की गुणवत्ता खराब दर्ज की गई, खासकर फतेहपुर सीकरी में वायु गुणवत्ता सूचकांक 228 रहा। ...और पढ़ें

फतेहपुर सीकरी।
HighLights
फतेहपुर सीकरी में AQI 228, हवा खराब स्थिति में।
संजय प्लेस में मेट्रो निर्माण, धूल से बढ़ा प्रदूषण।
प्रदूषित क्षेत्रों से बचें, मास्क पहनें, स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
जागरण संवाददाता, आगरा। फतेहपुर सीकरी स्थित आटोमेटिक मानीटरिंग स्टेशन पर शहर में मंगलवार को हवा खराब स्थिति में दर्ज की गई। फतेहपुर सीकरी के ददुआपुर में स्थित उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूपीपीसीबी) के आटोमेटिक मानीटरिंग स्टेशन पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 228 रहा। यहां हवा में घुले अति सूक्ष्म कण (पीएम2.5) का औसत 216, धूल कण (पीएम.10) का औसत 228 और कार्बन मोनोऑक्साइड (सीओ) का औसत 36 रहा।
यह क्रमश: 60, 100 और 3.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक नहीं होने चाहिए। शहर में संजय प्लेस स्थित ऑटोमेटिक मॉनिटरिंग स्टेशन पर हवा सबसे खराब रही।
अति सूक्ष्म कणों, धूल कणों व कार्बन कणों की मात्रा मानक से अधिक
फतेहपुर सीकरी स्थित ऑटोमेटिक मॉनिटरिंंग स्टेशन की शुरूआत 24 जुलाई से हुई थी। यहां एक अक्टूबर को हवा बहुत खराब और 21, 23, 25, 26 व 27 अक्टूबर को खराब स्थिति में दर्ज की गई। शहर में मंगलवार को सभी ऑटोमेटिक मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा मध्यम स्थिति में रही। संजय प्लेस में एक्यूआई 175 तक पहुंच गया।
शहर के अधिक प्रदूषित क्षेत्रों में जाने से बचें
संजय प्लेस और शास्त्रीपुरम में हवा में अति सूक्ष्म कण, मनोहरपुर, सेक्टर तीन-बी आवास विकास कालोनी, रोहता और शाहजहां गार्डन में धूल कणों की मात्रा अधिक घुली रही। शहर में संजय प्लेस में हवा सबसे खराब हाेने की वजह एमजी रोड पर मेट्रो की बैरीकेडिंग के चलते लग रहा जाम, निर्माण कार्यों के चलती उड़ रही धूल को रोकने के उचित इंतजाम नहीं किया जाना है।
मास्क लगाकर रखें
एसएन मेडिकल कॉलेज के श्वसन रोग विभाग के डॉ. जीवी सिंह ने बताया कि हवा में घुले अति सूक्ष्म कण सांस के साथ श्वसन नलिका में पहुंचने से उसमें सूजन आ जाती है, जिससे खांसी उठती है। प्रदूषित क्षेत्रों में जाने से बचें और मास्क लगाकर रहें।
मॉनिटरिंग स्टेशनों पर स्थिति (औसत मात्रा)
- स्टेशन, पीएम 2.5, पीएम10, कार्बन मोनोऑक्साइड
- संजय प्लेस, 174, 138, 33
- मनोहरपुर, 106, 118, 16
- सेक्टर तीन-बी आवास विकास कॉलोनी, 95, 133, 64
- शास्त्रीपुरम, 149, 100, 29
- रोहता, 134, 149, 41
- शाहजहां गार्डन, 65, 104, 21
यह भी पढ़ें- UP Weather Alert: तूफान के दौरान मैनपुरी में IMD की चेतावनी, बचाव के उपाय और मौसम का ताजा अपडेट
तापमान में आई गिरावट
शहर में मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली। अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस कम रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा था।
मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। 29 और 30 अक्टूबर को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
