राष्ट्रीय भाला फेंक में आगरा के ब्रह्मदीप ने गाड़े सफलता के झंडे, गोल्ड मेडल पर किया कब्जा
अकोला के ब्रह्मदीप चाहर ने राष्ट्रीय भाला फेंक प्रतियोगिताओं में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया ...और पढ़ें

भाला फेंक प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले ब्रह्मदीप।
HighLights
ब्रह्मदीप चाहर ने भाला फेंक में स्वर्ण और कांस्य पदक जीते।
खेलो इंडिया और साई सेंटर भोपाल के लिए चयन हुआ।
संवाद सूत्र, अकोला (आगरा)। प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर गांव की पगडंडियों से निकलकर राष्ट्रीय खेल मंच पर पहचान बनाने वाले नगला जसोला के ब्रह्मदीप चाहर ने चाहरवाटी का नाम रोशन किया है। भाला फेंक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने सीबीएसई नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण और 68 वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर खेलो इंडिया और साई सेंटर भोपाल के लिए भी चयन हुआ है। स्वर्गीय रामकुमार के पुत्र ब्रह्मदीप ने अक्टूबर में पंजाब के पटियाला में आयोजित सीबीएसई नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 65 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके बाद मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित 68 वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में 61.90 मीटर भाला फेंककर कांस्य पदक अपने नाम किया।
लगातार दो राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर उन्होंने क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। ब्रह्मदीप वर्तमान में एसजी पब्लिक स्कूल अकोला में कक्षा 11 के छात्र हैं। पढ़ाई के साथ खेल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे ब्रह्मदीप को अब खेलो इंडिया और साई सेंटर भोपाल में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा।
उनकी उपलब्धि पर मंगलवार को विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक अजीत सिंह मालान ने ब्रह्मदीप को साफा पहनाकर, मेडल और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। ब्रह्मदीप ने अपनी सफलता का श्रेय मां के और कोच लाखन सिंह चाहर को दिया। इस दौरान जंगजीत सिंह, अतुल सक्सेना, कुंज बिहारी चाहर, गीता श्रीवास्तव, कमलेश सिंह आदि मौजूद रहे।