यमुना पर नए पक्के पुल का निर्माण शुरू, कुछ ही मिनटों में पहुंचेंगे दयालबाग से खंदौली
आगरा में दयालबाग के नगला बूढ़ी से गिजौली खंदौली के बीच यमुना नदी पर 147 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण शुरू हो गया है। यह पुल 25 हजार से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाएगा और यात्रा समय को काफी कम कर देगा।

नगला बूढ़ी से गिजौली तक बनाए जा रहे पुल के निर्माण कार्य में जुटे मजदूर।
जागरण संवाददाता, आगरा। दयालबाग स्थित नगला बूढ़ी (आनंदी भैरों) से गिजौली खंदौली के मध्य यमुना नदी पर पुल का निर्माण शुरू हो गया है। सेतु निगम दो साल में पुल का निर्माण कराएगी। अभी पुल के तीन कुआं पर कार्य चल रहा है। आधा दर्जन मशीनें पहुंच चुकी हैं। पुल का निर्माण 147 करोड़ रुपये से हो रहा है। पुल बनने से 25 हजार से अधिक लोगों को सहूलियत होगी।
नगला बूढ़ी से खंदौली पहुंचने में पांच से 10 मिनट लगेंगे। लंबे समय से नगला बूढ़ी से गिजौली के मध्य पुल के निर्माण की मांग चल रही है। दो साल पूर्व सर्वे के बाद 116 करोड़ रुपये से पुल का निर्माण होना था लेकिन सुप्रीम कोर्ट से पेड़ों को काटने की अनुमति नहीं मिली। इससे सेतु निगम को पुल की डिजाइन में बदलाव करना पड़ा।
इससे पुल की लागत 147 करोड़ रुपये पहुंच गई। सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक आरवी दिवाकर ने बताया कि पुल के दोनों तरफ डेढ़-डेढ़ मीटर का फुटपाथ भी होगा।
जाम की समस्या बढ़ने से नहीं इन्कार
यमुना नदी पर नया पुल बनने से खंदारी-केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड पर वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ जाएगी। इससे जाम लगने से इन्कार नहीं किया जा सकता है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन को अभी से सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करना चाहिए।
फैक्ट फाइल
- 147 करोड़ रुपये से बन रहा है पुल
- 717.44 मीटर लंबा है पुल
- 7.50 मीटर है पुल की चौड़ाई3 मीटर चौड़ा होगा फुटपाथ