एक्सप्रेसवे से लेकर हाईवे तक लगा लंबा जाम, आगरा में भाई दौज पर परेशान रहे लोग
भाई दूज के अवसर पर आगरा में लखनऊ एक्सप्रेसवे, हाईवे और शहर के व्यस्त मार्गों पर भीषण जाम लग गया। ...और पढ़ें

नेशनल हाईवे पर जाम में फंसे लोग।
जागरण टीम, आगरा। लखनऊ एक्सप्रेसवे और हाईवे से लेकर पैंटून पुल एवं शहर में व्यस्त मार्ग पर बुधवार को जाम के हालात रहे। पांच मिनट की दूरी तय करने में वाहन चालकों को 50 मिनट से अधिक लग गए। लखनऊ एक्सप्रेसवे के फतेहाबाद टोल पर वाहनों की करीब एक किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। आने-जाने वाली दोनों लेन पर वाहनों की लंबी लाइन में लोग काफी देर तक फंसे रहे।
बुधवार को दीपावली की दूज के चलते अवकाश था। करीब एक सप्ताह बाद गुरुवार से कार्यालय खुल रहे हेैं। त्योहार मनाने के बाद दोपहर से लोगों द्वारा अपने कार्य स्थलो पर लौटने का सिलसिला शुरू हो गया। जिससे लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद टोल के दोनों ओर वाहनों का दबाव बढ गया। टोल की सभी लेन खोलने के बाद भी वाहनों की लाइन लगी रही। टोल पर एक किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई।
टोल प्लाजा के एचआर मैनेजर पीयूष शर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमोद धनगर, यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी और पुलिस ने बूम खुलवाकर वाहनों को निकालने की व्यवस्था कराई। इस दौरान वाहनों के फोटो खिंचवाने के बाद उन्हें बिना देरी किए आगे रवाना किया गया।
वहीं, रामबाग चौराहे से टेढ़ी बगिया तक जाम के हालात रहे। चौराहे पर रोडवेज बसों और आटो एवं ई-रिक्शा चालकों द्वारा सड़क पर खड़े होकर सवारियां बैठाने से पीछे से आने वाले वाहनों के पहिए थम गए। जिससे यहां पर जाम के हालात रहे। वाहन चालकों को रामबाग से टेढ़ी बगिया की दूरी तय करने में एक घंटे का समय लगा। पचकुइयां से सुभाष पार्क और कोठी मीना बाजार तक भी वाहनों की लंबी लाइन लगी रही।
जिससे लोग परेशान रहे। छीपीटोला से बिजलीघर चौराहे पर वाहन रेंगते हुए निकले। पांच मिनट की दूरी तय करने में लोगों को 50 मिनट लग गए। अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका सिंह ने बताया कि दीपावली की दूज के चलते वाहनों का दबाव बढ़ा था।
पैंटून पुल पर लगा जाम
पिनाहट में चंबल नदी पर पैंटून पुल के दोनों ओर आधा किमी तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुल पर एक बार में एक ही चार पहिया वाहन निकल सकता है। आगरा और मुरैना दोनों ओर से चार पहिया वाहनों के निकलने से आवागमन बाधित हो गया। जिससे पुल के दोनों ओर वाहनों की लाइन लंबी होती चली गई। यहां पर तैनात कर्मचारियों ने आवागमन को सुचारू कराया।
ये रहे कारण
- दीपावली की दूज करके अधिकांश लोग कार्य स्थल के लिए लौट रहे थे, जिससे लखनऊ एक्सप्रेसवे टोल पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बुधवार को 50 हजार से अधिक वाहन गुजरे।
- यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली टोल से बुधवार को 35 हजार से अधिक वाहन गुजरे।
- पचकुइयां से कोठी मीना बाजार आने-जाने वाले मार्ग पर सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माण कार्य कराया गया था। सड़क पर गिट्टी डाल दी गई है, लेकिन सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। जिससे यहां पर जाम के हालात रहते हैं।
- रामबाग चौराहे पर रोडवेज बसों द्वारा सड़क पर खड़े होकर सवारियों को उतारा और चढ़ाया जाता है। वहीं पर आटो और ई-रिक्शा आकर खड़े हो जाते हैं। आवागमन बाधित होने से सड़क पर जाम लग जाता है।
- पिनाहट में पैंटून पुल पर एक बार में एक ही चार पहिया वाहन और दोपहिया वाहन निकल सकता है। एक ओर से चार पहिया वाहन पुल पर गुजरने के दौरान दूसरी ओर से बड़ा वाहन नहीं आता है। बुधवार को दोनों ओर से वाहनों के आने के चलते पैंटून पुल पर जाम की स्थिति बन गई।
समाधान
- लखनऊ एक्सप्रेसवे टोल पर हर वर्ष वाहनों का दबाव बढता है, पहले से ही सभी लेन को चालू रखने से इस समस्या से काफी हद तक निपटा जा सकता है।
- पचकुइयां से कोठी मीना बाजार-आने-जाने वाली सड़क का जल्दी निर्माण कराने से यहां पर वाहनों का दबाव कम किया जा सकता है।
- रामबाग चौराहे पर सड़क पर खडी होने वाली रोडवेज बसों, आटो एवं ई-रिक्शा का चालान किया जाए।
- पिनाहट में चंबल नदी पर बने पैंटून पर दोनों ओर से भारी वाहनों के एक साथ गुजरने से रोकने की व्यवस्था हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।