इंटरनेट मीडिया पर आगरा की महिला ने वायरल किया वीडियो, पुलिस पर लगाया आरोप
वायरल हुआ वीडियो ताजगंज के हज्जूपुरा निवासी मीनू राठौर पत्नी दिनेश राठौर का है। इसमें मीनू अपने पति और दो बच्चों के साथ है। महिला आरोप लगा रही है कि गांव के ही कान्हा और विष्णु ने उसके पति से मारपीट करके एक पैर तोड़ दिया।
आगरा, जागरण संवाददाता। इंटरनेट मीडिया में एक महिला ने अपना वीडियो वायरल किया है। इसमें महिला ने पुलिस पर पति से मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। महिला ने सुनवाई न होने पर खुदकुशी करने की कहा तो मामला अधिकारियों तक पहुंचा।
वायरल हुआ वीडियो ताजगंज के हज्जूपुरा निवासी मीनू राठौर पत्नी दिनेश राठौर का है। इसमें मीनू अपने पति और दो बच्चों के साथ है। महिला आरोप लगा रही है कि गांव के ही कान्हा और विष्णु ने उसके पति से मारपीट करके एक पैर तोड़ दिया। पति के सिर में भी गंभीर चोट लगी है। मगर, ताजगंज पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रही। वहीं, आरोपित उस पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। वायरल हुआ वीडियो एक मिनट से ज्यादा का है। इसमें महिला खुदकुशी करने की बात कर रही है। यह वीडियो रविवार को अधिकारियों तक पहुंचने पर उन्होंने इसे संज्ञान में लिया।
मामले में एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि दिनेश राठौर का विवाद विष्णु और कान्हा से हो गया था। मामले में मुकदमा दर्ज है। आरोपित विष्णु को गिरफ्तार करके अदालत में प्रस्तुत किया जा चुका है। दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।