विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पति की जासूसी करते हुए ऑफिस तक पहुंची पत्नी, बेवफाई का शक... आगरा में यमुना में कूदने की कोशिश

By Ali Abbas Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 27 Nov 2026 11:00 AM (IST)

पति के अन्य महिला से संबंधों के शक में एक महिला आगरा में पति का पीछा करते हुए उसके कार्यालय तक पहुंची। विवाद के बाद उसने यमुना नदी में कूदकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और राहगीरों ने उसे बचा लिया और काउंसलिंग के बाद वह पति के साथ जाने को राजी हुई।

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर।

AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, आगरा। पति के अन्य महिला से संबंधों के शक में उसकी जासूसी करते हुए पत्नी कार्यालय तक पहुंच गई। वहां पति से विवाद के बाद हाईवे पर बुधवार की देर रात पत्नी ने नाटकीय अंदाज में जान देने का प्रयास किया। वाटर वर्क्स पर ऑटो से उतरने के बाद पहले कार कार के आगे कूदने का प्रयास किया। चालक ने सही समय पर ब्रेक लगा दिए तो वह फ्लाईओवर पर चढ़ गई।

यमुना नदी में छलांग लगाने का प्रयास करने लगी। एक राहगीरों और बल्केश्वर चौकी प्रभारी ने तत्परता दिखाते हुए महिला को बचा लिया। करीब दो घंटे चली काउंसलिंग के बाद वह पति के साथ जाने का राजी हुई। एटा के जलेसर की रहने वाली महिला का पति संजय प्लेस में एक कंपनी में कर्मचारी है। पत्नी को शक था कि पति के किसी महिला से संबंध हैं। वह बुधवार शाम को पति के कार्यालय पहुंच गई।

दोनों के बीच विवाद के बाद पत्नी आत्महत्या करने की धमकी देकर चली गई। वह बुधवार की रात साढ़े ग्यारह बजे वाटर वर्क्स फ्लाई ओवर पर पहुंची। एक कार के सामने कूद गई, चालक ने समय रहते ब्रेक लगा उसे बचा लिया। इसके बाद महिला रोते हुए फ्लाईओवर की रेलिंग पर चढ़ने लगी।

वहां से गुजरते बल्केश्वर चाैकी प्रभारी रिक्की पूनिया की नजर पड़ी तो उनके शोर मचाने पर राहगीर योगेश ने तत्परता दिखाते हुए महिला की ओर दौड़ पड़ा। महिला का सूट उसके हाथों में आ गया। दारोगा और राहगीरों ने महिला को रेलिंग से नीचे उतारा। उसे चौकी पर लेकर आए।

चौकी में महिला पति पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए लगातार रोती रही। महिला पुलिसकर्मियों ने एक घंटे तक उसकी काउंसलिंग की। आधी रात को पति और परिवार के लोग महिला के छह वर्ष के बेटे को लेकर आए। थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि काउंसलिंग के बाद महिला परिवार के साथ जाने को राजी हो गई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।