मेरे यार की शादी है... आगरा में सड़क पर नाच, घुड़चढ़ी और पार्किंग हुई तो पड़ेगी भारी
आगरा में शादी समारोहों के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई है, जिसके तहत घुड़चढ़ी और बारात का स्वागत अब सड़कों पर नहीं होगा, बल्कि बरातघर या रिजॉर्ट परिसर के अंदर ही करना होगा। इसका उद्देश्य सड़क जाम, चोरी और हर्ष फायरिंग को रोकना है, साथ ही बरातघरों को परिसर के अंदर पार्किंग सुनिश्चित करनी होगी और सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे।

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। घुड़चढ़ी से लेकर बरात के स्वागत, द्वारचार समेत अन्य कार्यक्रम अब सड़क पर नहीं होंगे। यह सभी वैवाहिक कार्यक्रम में बरातघर या रिजार्ट परिसर के अंदर होंगे। सहालग के दौरान शहर में लगने वाले जाम के अलावा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने व हर्ष फायरिंग को रोकने के लिए सिटी जोन ने गाइड लाइन जारी की है।
बरातघर, रेस्टोरेंट एवं होटल संचालकों को वाहनों की पार्किंग अपने परिसर के अंदर ही सुनिश्चित करनी होगी। कार्यक्रम की समाप्ति तक मुख्य द्वार पर मार्शल तैनात रहेंगे। जिससे कि यातायात बाधित न हो। डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बरातघरों से 100 से 200 मीटर पहले घुड़चढ़ी की रस्म के कारण सड़क पर जाम लग जाता है। सड़क पर नाचते बरातियों से पीछे आने वाले वाहनों का मार्ग अवरुद्ध होता है। बरातघरों के बाहर खड़े वाहनों से भी यातायात प्रभावित होता है। नई गाइडलाइन के अनुसार, होटल, रिजार्ट, गेस्ट हाउस, बरातघर और धर्मशाला संचालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि सड़क पर वाहन खड़े न हों।
निजी सुरक्षा गार्ड और मार्शल कार्यक्रम खत्म होने तक मुख्य द्वार पर तैनात रहेंगे। समारोह स्थलों के भीतर किसी भी तरह के हथियार ले जाने और हर्ष फायरिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। ऐतिहासिक स्थलों, भीड़-भाड़ वाले बाजारों और रिहायशी इलाकों के आसपास तेज आवाज वाले पटाखों या अधिक ज्वलनशील विस्फोटकों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
प्रतिबंधित क्षेत्रों में पूर्व अनुमति के बिना ड्रोन कैमरा उड़ाने पर भी रोक रहेगी। परिसर में डीजे केवल सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के निर्धारित समय और ध्वनि मानकों के अनुरूप ही बजाया जा सकेगा।
चोरी रोकने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम
सभी बरातघर और होटल संचालकों को परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने होंगे। कैमरों का मानचित्र दो दिनों के भीतर संबंधित थाना प्रभारी को सौंपना होगा। समारोह के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस या यूपी-112 को सूचना देनी होगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शादी या किसी अन्य कारण से दो-तीन दिनों के लिए घर से बाहर जाते समय इसकी सूचना नजदीकी थाने या चौकी में दें, ताकि चोरी की आशंका को टाला जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।