विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा: बारात में बाबा साहेब के गाने बजाने पर दो पक्षों में झगड़ा, दूल्हे को घोड़ी से गिराकर पीटा

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 27 Nov 2026 06:56 PM (IST)

आगरा के जगनेर में एक बारात में डीजे पर बाबा साहेब के गाने बजाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने दूल्हे को घोड़ी से गिराकर पीटा और महिलाओं से अभद्रता की, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

गांव में पहुंचकर घटना की जानकारी करतीं एसीपी सुनीता सिंह चौहान।

गांव में पहुंचकर घटना की जानकारी करतीं एसीपी सुनीता सिंह चौहान।

HighLights

  1. डीजे पर बाबा साहेब के गाने बजाने पर विवाद हुआ।

  2. महिलाओं से अभद्रता और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया।

संवाद सूत्र, जगनेर (आगरा)। थाना जगनेर क्षेत्र के गांव वीरभान में बेटी को ब्याहने आई बारात को रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि डीजे पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के गाने बजाने से नाराज कुछ लोगों ने बरात को घेर लिया। विरोध करने पर दूल्हे को घोड़ी से गिराकर लाठी-डंडों से मारपीट की गई।

महिलाओं के साथ अभद्रता और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप है। पीड़ित सुरेंद्र के मुताबिक, 26 नवंबर की रात करीब नौ बजे उनकी बेटी की बारात चढ़ रही थी। डीजे पर बाबा साहेब के गाने बजाए जा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग पहुंचे और डीजे बंद कराने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोप है कि इसके बाद करीब 20 से 25 लोग एकजुट होकर बरातियों पर टूट पड़े। दूल्हे को घोड़ी से गिराकर मारपीट की गई। परिवार की महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई। हमलावरों पर बाबा साहेब की तस्वीर को लेकर अभद्र टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना में कई लोगों के घायल होने की बात कही गई है।

पीड़ित सुरेंद्र ने थाना जगनेर में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर एसीपी खेरागढ़ सुनीता सिंह चौहान मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी ली।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।