Weather Today: 40 मिनट तक आंधी-ओले और बारिश का कहर, अंधेरे में डूबा आगरा; आज भी तूफान संग बरसात का अलर्ट
आगरा में शुक्रवार रात धूल भरी आंधी, ओले और बारिश ने कहर बरपाया। शहर और देहात में बिजली गुल हो ...और पढ़ें

आगरा में आंधी के कारण कार की छत पर गिरा छप्पर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, आगरा। धूल भरी आंधी के साथ ही शुक्रवार रात को गरज चमक के साथ ओले और बारिश का कहर बरपा। अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली आंधी में बिजली के खंभे और पेड़ टूट गए। हार्डिंग और टिन शेड उड़ गए। फतेहपुर सीकरी में मकान की छत ढह गई, सात लोग घायल हो गए।
15 मिनट आंधी के बाद ओले के साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई। 40 मिनट तक आंधी और बारिश का कहर बरपा, लोग दहशत में रहे। वहीं, शहर और देहात में बिजली की सप्लाई बंद कर दी गई, अंधरे में पूरा शहर डूब गया।
75 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से आंधी ने बरपाया कहर
दिन में तेज धूप निकलने के बाद देहात में रात आठ बजे अचानक से मौसम बदल गया, धूल भरी आंधी चलने लगी, शहर और देहात में अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली आंधी चलने से पेड़ और बिजली के खंभे टूट कर गिए गए।

बारिश के साथ ओले।
चार मकान और 80 फीट लंबी दीवार गिरी
फतेहपुर सीकरी के गांव मई बुजुर्ग में चार मकान और 80 फीट लंबी दीवार गिर गई। गफ्फार, आबिद, गंभीर के मकान गिरने से नुकसान हुआ है। मंगल सिंह की 80 फीट लंबी दीवार गिरी है। रफीक, नूरजहां, सुल्ताना, सफीक समेत सात व्यक्ति घायल हुए हैं। मकान गिरने एवं मकान के नीचे दबकर घायल होने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे गए। घायलों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एसएन रेफर कर दिया गया।
बिजली की सप्लाई बंद कर दी गई
शहर में रात 8.30 धूल भरी आंधी के साथ गरज चमक के साथ तेज बारिश होने लगी। शहर और देहात में बिजली की सप्लाई बंद कर दी गई। सिकंदरा, कमला नगर, आवास विकास कॉलोनी, शाहगंज सहित शहर में जगह जगह होर्डिंग टूट कर गिर गए। पश्चिमपुरी में बिजली का खंभा टूट कर गिर गया। घरों की छत से टिन शेड उड़ गए। इससे रास्ता बंद हो गया।
ओले और तेज बारिश से दहशत में आए लोग
ओले और तेज बारिश से लोग दहशत में आ गए, वाहन चलाना मुश्किल हो गया। हार्डिंग गिरने से कई लोगों को चोट भी आई। 30 मिनट तक तेज बारिश के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। रात 9.10 बजे बारिश बंद हो गई लेकिन बिजली नहीं आई। करीब तीन एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
श्यामजी एन्क्लेव वन में जर्जर मकान गिरा, दहशत में रहे लोग
कमला नगर एक्सटेंशन में श्यामजी एन्क्लेव वन में जर्जर मकान के आगे का हिस्सा गिर गया। इससे आस पास के मकान में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। शहर में जगह जगह पर जर्जर भवनों के गिरने की आशंका पर लोग दहशत में रहे। पुराने शहर में जर्जर और निर्माणाधीन मकानों के आस पास रहने वाले लोग घरों से बाहर नहीं निकले।
कालिंदी विहार 100 फीट रोड पर जलभराव
बारिश से कालिंदी विहार 100 फीट रोड पर टेढ़ी बगिया से सीएनजी पंप तक जलभराव हो गया। करीब एक फीट तक सड़क पर पानी भर गए, गली नंबर दो और तीन पानी में डूब गई, लोग घरों में कैद हो गए। कार, स्कूटी और बाइक भी जलभराव के कारण नहीं निकल सकी। 100 फीट रोड पर यातायात बंद हो गया। 100 फीट रोड पर पानी की निकासी के लिए पंप लगी हुई है लेकिन पंप नहीं चलाई गई। जलभराव से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
आज भी आंधी और बारिश का अलर्ट
शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप निकलने से न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दोपहर में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने शनिवार को भी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। दिन में बादल छाने के साथ 30 से 40 मिनट के लिए दिन में दो बार आंधी और बारिश हो सकती है लेकिन इससे तापमान में गिरावट नहीं आएगी।
