Agra Weather Update: दोपहर में तेज धूप करेगी परेशान, आगरा को लेकर मौसम विभाग ने जताया ये अनुमान
Today Agra Weather News Update आगरा में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान में उछाल दर्ज हुआ है। ये सामान्य से तीन डिग्री अधिक 28 डिग्री के करीब पहुंच गया है। वहीं आज अधिकतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज होने के आसार हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में एक बार फिर पारा उछाल लेने लगा है। लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा हैै। सुबह से ही पसीने छूट रहे हैं और दोपहर में तेज धूप परेशान करेगी। हालांकि अभी लू चलने के आसार नहीं हैं, अगले सप्ताह से लू भी दस्तक दे देगी।
आगरा में बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 27.6 डिग्री दर्ज हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि इस पूरे सप्ताह आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी लेकिन हीट वेव भी नहीं चलेगी। अधिकतम तापमान 43−44 डिग्री के आसपास रहेगा और न्यूनतम 26−27 डिग्री तक। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट रही थी, यह 40.0 डिग्री दर्ज हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन से चार दिनों में तापमान में और वृद्धि होगी। तेज धूप के साथ लू भी चलेगी।
गुरुवार से तापमान और लेगा उछाल
गुरुवार से तापमान में और उछाल आने की आशंका है। गुरुवार के बाद अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी और पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है। इस पूरे हफ्ते बरसात या आंधी की संभावना नहीं है। तेज धूप निकलेगी और लू भी चल सकती है।
सिर में दर्द और आंखें लाल
धूप में बाहर निकल रहे लोगों को सिर में दर्द की समस्या हो रही है। इसके साथ ही आंखें लाल होने के साथ दर्द हो रहा है। धूप में ज्यादा देर रहने से मांसपेशियों में दर्द हो रहा है। लोगों को चक्कर आ रहे हैं।
उल्टी दस्त और बुखार के मरीज बढ़े
एसएन मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल के साथ ही निजी क्लीनिक पर उल्टी दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। स्कूल जा रहे बच्चों को धूप से आने के बाद ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करने से सर्दी जुकाम और बुखार की समस्या हो रही है।