Agra Weather Update: ताजनगरी में बरसीं राहत की बूंदें, प्यासी धरती अब भी बेकरार
Agra Weather Update अगस्त का पहला हफ्ता भी बीत रहा था सूखा। छोटे छोटे बन रहे बादल अलग-अलग क्षेत्रों में ही हो रही बारिश।
आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी पर अगस्त का आगाज हो जाने के बाद भी मानसून मेहरबान नहीं हुआ है। पूरा सप्ताह सूखा निकलने की ओर था लेकिन गुरुवार को दोपहर बाद शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बरसात होने से थोड़ी राहत जरूर मिली है। हालांकि आगरा के आसपास के इलाकों में जरूर जोरदार बारिश हुई लेकिन शहरी इलाके में तो ये कहिए बस छिड़काव होकर रह गया। उमस का स्तर भी कुछ कम हुआ है शाम को ठंडी हवाएं राहत देती रहीं। वैसे ताजनगरी में जुलाई के महीने में औसत 300 एमएम बारिश होती है। इस साल 120 एमएम ही बारिश हुई। अगस्त से आस है कि मेघ धरती की प्यास बुझाएंगे।
मानसून के पूरे तरह सक्रिय होने का इंतजार ताजनगरी के नागरिकों बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। छिटपुट बारिश थोड़ी राहत जरूर दे जाती है लेकिन जिस तरह झड़ी लगकर बारिश होनी चाहिए, वह नहीं हो रही। गुरुवार सुबह से बादल छाए थे लेकिन दोपहर तीन बजे बाद कुछ बरसात हुई। सिकंदरा, आवास विकास, दयालबाग, एमजी रा्ेड पर बारिश होने लगी। लोगों ने भीगते हुए इसका आनंद लिया। हालांकि करीब 20 मिनट के बाद ही बारिश बंद हाेे गई। इस दौरान बरसात तेज रहने से धरती की प्यास भी बुझी है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आगरा में राजस्थान और उत्तर पश्चिम से तेज हवाएं यहां बादलों को सक्रिय नहीं होने दे रहींं। दयालबाग शिक्षण संस्थान के पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ रंजीत कुमार ने बताया कि मानसून सक्रिय होने का ही समय चल रहा है लेकिन स्थानीय कारणों के चलते कम दबाव का क्षेत्र नहीं बन पा रहा है। जुलाई में औसत 300 एमएम बारिश होती है, लेकिन इस बार अब तक 120 एमएम ही बारिश हुई है। उम्मीद तो यही है कि अगस्त में बारिश का कोटा पूरा होना चाहिए। हालांकि पिछले साल भी बारिश यहां लेट ही हुई थी। मानसून विदाई के बेला में आगरा में मेघ मेहरबान हुए थे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। कल भी बारिश होने के आसार जताए जा रहे हैं।
काश, मुंबई के बादल यहां आ जाएं
सोशल मीडिया और टीवी पर मुंबई की बारिश के हाल देखकर लोग यही कामना कर रहे हैं कि मुंबई के कुछ बादल आगरा आ जाएं। वहां भी राहत और यहां भी राहत। सोशल मीडिया पर लोग मुंबई का मंजर फॉरवर्ड भी कर रहे हैं।