Agra Weather Update: उमस से बुरा हाल, तापमान से कहीं ज्यादा सता रही गर्मी, आगरा में बारिश को लेकर मौसम विभाग का ये है अनुमान
Today Agra Weather News Update आगरा में मंगलवार सुबह से ही उमस और गर्मी ने पसीने छुड़ा दिए हैं। तापमान 41 डिग्री है लेकिन रियल फील 49 डिग्री जैसा हो रहा है। मौसम विभाग ने जल्द ही राहत की बरसात होने के आसार जताए हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा का तापमान 41 डिग्री के करीब है और गर्मी के मामले में यूपी में टॉप पर चल रहा है। तापमान से कहीं ज्यादा गर्मी इस समय महसूस हो रही है। हाल इसलिए और ज्यादा बेहाल है कि जैसे इस समय तापमान 49 डिग्री हो, इसके पीछे वजह है कि उमस का स्तर बढ़ चुका है। दीवारें तप रही हैं और कूलर फेल हो चुके हैं। एयरकंडीशनर्स लगातार चल रहे हैं, उसके बाद भी सुकून नहीं मिल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार दोपहर बाद गरज के साथ तेज बौछारें आ सकती हैं।
मंगलवार को सुबह से उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सुबह न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। वहीं आर्द्रता का स्तर बढ़कर 64 फीसद पर पहुंच चुका है, यानि लोगों को रियल फील मौजूदा तापमान से 10 डिग्री ज्यादा का हो रहा है। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री दर्ज हुआ था। सुबह से रात तक लोगों को राहत नहीं मिली। पसीने में लोग तरबतर नजर आए। कूलर व पंखे में लोगों को आराम नहीं मिला। एसी में ही लोगों को राहत मिली।
मौसम विभाग की मानें तो उमस व गर्मी से मंगलवार को लोगों को राहत मिल सकती है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार दोपहर बाद बादल छाए रहेंगे। गरज के साथ एक या दो बार बौछार पड़ सकती हैं। प्राकृतिक कारणाें से अगर कुछ बदलाव हुआ भी तो बुधवार को मानसून दस्तक दे जाएगा। इसके बाद रविवार तक बारिश होती रहेगी।
सामान्य से अधिक रहा तापमान
मंगलवार को अधिकतम तापमान, सामान्य तापमान से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा। न्यूनतम तापमान, सामान्य तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का बुधवार व गुरुवार को भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे और तेज हवा के साथ एक या दो बार बौछार हो सकती है। इससे अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।