Agra Weather Update: हल्की बारिश ने शाम की सुहानी, आगरा में सुबह सूरज ने फिर छुड़ाए पसीने
Today Agra Weather News Update आगरा के आसपास के जिलों में शुक्रवार शाम बारिश ने शाम सुहानी कर दी थी। रात भी पिछले दिनों की अपेक्षा ठंडी रही लेकिन शनिवार सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख हैं धूप में निकलने पर पसीना छूट रहा है।
आगरा, जागरण संवाददाता। थाेड़ी देर को ही सही लेकिन बारिश ने कुछ राहत तो आगरा के लोगों को दी ही है। शुक्रवार शाम को मौसम सुहाना रहा और रात भी अपेक्षाकृत ठंडी। लेकिन शनिवार सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे हैं और धूप में निकलने पर पसीना छूट रहा है। इस बारिश का एक लाभ ये भी हुआ है कि शनिवार से लू चलने का अलर्ट था लेकिन अब दो दिन तक लू नहीं रहेगी। सोमवार से पारा एकदम से उछाल मारेगा।
शनिवार को सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 24.3 डिग्री दर्ज किया गया है। ये शुक्रवार शाम को बारिश का ही असर रहा, लेकिन सुबह आठ बजे से ही धूप में तेजी आने लगी। इसके चलते सुबह 10 बजे तक तापमान बढ़कर 35.5 डिग्री पर पहुंच चुका है। इससे पहले भीषण गर्मी का सामना कर रहे शहरवासियों को शुक्रवार को राहत मिली थी। सुबह से निकली तेज धूप के बाद दोपहर में चली आंधी और बरसात ने पारा नीचे लुढ़का दिया। लू से भी राहत मिली। मौसम सुहाना हो गया। हालांकि आंधी से एक बार फिर से बिजली गुल होने से परेशान किया। कई घंटों के लिए शहर और गांवों में बिजली गायब रही। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक तेज धूप और नौ मई से लू चलने की संभावना व्यक्त की है।
ये है पूर्वानुमान
शहर में शनिवार और रविवार को तेज धूप निकलेगी। पारा भी चढ़ेगा। मौसम विभाग ने नौ मई से लू चलने की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान पारा 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहेगा। न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होगी।
तिथि अधिकतम न्यूनतम
सात मई- 41 24
आठ मई- 43 27
नौ मई- 44 27
प्रशासन ने जारी किए निर्देश
लू के प्रकोप से हो रही दिक्कतों और बीमारियों के मद्देनजर प्रशासन ने जनपद स्तरीय कार्यालयों व तहसीलों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
- दोपहर 12 से तीन बजे तक धूप में न निकलें।
- हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।
- चेहरे और सिर को सूती कपड़े से लपेट कर निकलें।
- अपने साथ हमेशा पानी रखें।
- धूप में खड़े वाहनों में बच्चों या पालतू जानवरों को न छोड़ें।
- पेय पदार्थों का सेवन ज्यादा करें।
- बासी भोजन से बचें।
- घरों में दरवाजे और खिड़कियों को खुला रखें, जिससे हवा अंदर आए।