विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Weather Update: आगरा में मौसम का मिजाज बदलेगा, सोमवार से फिर बढ़ेगी ठंड और गलन

Published: Sun, 11 Jan 2026 10:16 AM (IST)

आगरा में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण जल्दी छंट गया। दिन के तापमान में ...और पढ़ें

ताजमहल के सैलानी।

ताजमहल के सैलानी।

HighLights

  1. रविवार को आगरा में धूप खिली, गलन रही बरकरार

  2. सोमवार से तापमान गिरेगा, सुबह और रात में ठंड बढ़ेगी

  3. पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिन के तापमान में वृद्धि हुई

जागरण संवाददाता, आगरा। शहर में शनिवार सुबह कोहरा छाया। घने कोहरे की वजह से दृश्यता प्रभावित रही। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से कोहरा जल्दी छंटा, लेकिन धूप निकलने के बावजूद गलन रही। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को तापमान में वृद्धि का पूर्वानुमान जताया है। सोमवार से एक बार फिर तापमान में गिरावट आने से सुबह के समय ठंड बढ़ेगी।

शनिवार को सुबह से धूप निकली, तापमान में हुई वृद्धि

शहर में शुक्रवार को सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। दिन का तापमान बढ़ने से ठंड से कुछ राहत रही थी, लेकिन रात में तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई। शहर में शुक्रवार रात कोहरा व गलन अधिक होने का प्रभाव शनिवार सुुबह भी दिखा। न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम था। इससे गलन अधिक रही। कोहरा जल्दी छंटने से धूप जल्दी निकल आई।

शहरवासियों ने गुनगुनी धूप में बैठने के साथ ही दिन में अपने जरूरी काम किए। अधिकतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। प्रदेश के ठंडे शहरों में आगरा नवें स्थान पर रहा। प्रदेश में सबसे अधिक ठंडा आजमगढ़ रहा।

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से सुबह जल्दी छंटा कोहरा

मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि पाकिस्तान व पंजाब पर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और हरियाणा में चक्रवात के संयुक्त प्रभाव से दिन के तापमान में शनिवार को वृद्धि दर्ज की गई। इससे शीत दिवस की स्थिति खत्म हो गई। अगले 24 घंटों में इसके चलते तापमान में वृद्धि हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने और उत्तरी-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से सोमवार से तापमान में गिरावट आएगी और सुबह व रात को ठंड अधिक रहेगी। दोपहर में धूप निकलेगी।

प्रदेश में ठंडे शहर

क्रम, शहर, न्यूनतम तापमान
1, आजमगढ़, 3.7
2, अयोध्या, 4.0
3, फुरसतगंज, 4.2
4, कानपुर शहर, बरेली, 4.6
5, सुल्तानपुर, 5.1
6, अलीगढ़, 5.2
7, मेरठ, हरदोई, सोनभद्र, 5.5
8, बहराइच, 5.6
9, आगरा, 5.8

शून्य दृश्यता रही

मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को इंडियन एयरफोर्स स्टेशन पर दृश्यता शून्य रही। ताजमहल पर दृश्यता 150 मीटर दर्ज की गई।