Agra Weather News: शिमला–नैनीताल से भी ठंडा रहा आगरा, अगले कुछ दिनों तक नहीं मिलेगी कोहरे से राहत
उत्तरी भारत में सर्दी अपने पूरे चरम पर है। आलम ये है कि मैदानी इलाके पहाड़ी इलाकों से ज्यादा ठंडे हैं। सोमवार को आगरा का तापमान शिमला और नैनीताल से भी कम रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों का अपडेट भी जारी कर दिया है।
जागरण संवाददाता, आगरा: पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी ने आगरा के लोगों को हिलाकर रख दिया है। सोमवार को आगरा शिमला और नैनीताल से भी ठंडा रहा। प्रदेश की बात की जाए तो झांसी के बाद आगरा और बरेली संयुक्त रूप से सबसे अधिक ठंडे रहे। यहां का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 09:30 बजे के बाद सूरज के दर्शन हुए जबकि शाम को शीत लहर चलने लगी। इसकी अधिकतम गति दस किमी प्रति घंटा रही।
मौसम विभाग के अनुसार 2 जनवरी 2023 तक सुबह और शाम कोहरा रहेगा। सोमवार को सफेद चादर से पूरा शहर ढक गया। गलन और ठिठुरन ने लोगों को बेहाल कर दिया। कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर रही। सुबह 09:30 बजे सूरज के दर्शन हुए लेकिन तपिश कम होने के चलते ठंड से राहत नहीं मिली और न ही कोहरा कम हुआ। ठंडी हवा भी चलती रही। सुबह साढ़े 11 बजे के बाद कोहरा कम होना शुरू हुआ। फिर भी ठंड ने पीछा नहीं छोड़ा। अधिकतम तापमान में 4.6 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और यह 16.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। जबकि न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और यह 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
नैनीताल से भी ठंडा रहा आगरा
नैनीताल का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस और शिमला का 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं प्रदेश में झांसी का न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के निदेशक डा. दानिश ने बताया कि दो से तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में तेजी से कमी आएगी। कोहरे की मार से फिलहाल राहत नहीं मिलेगी। लोगों को सफर में सावधानी की सलाह दी गई है।
कोहरे में हादसे की वजह बन रहे हैं नाले
बारिश से पहले सफाई के लिए बंद नालों से हटवाई गईं पटिया को रखना कर्मचारी भूल गए। अब कोहरे में ये खुले नाले हादसों की वजह बन सकते हैं। सुल्तानगंज की पुलिया से पालीवाल पार्क मार्ग, आंबेडकर विश्वविद्यालय के पुराने छात्रावास के बगल में बंद नाला की सफाई के लिए पटिया हटाई गई थीं। नाले के बगल में लकड़ी की बैरिकेडिंग कर दी गई। यहां तीव्र मोड़ होने के कारण कोहरे में कभी भी हादसा हो सकता है। रश्मि पैलेस के बाहर बड़े नाले से भी पटिया हटाई गई हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग खड़े होकर वाहनों की प्रतीक्षा करते हैं। अपर नगर आयुक्त एसपी यादव ने बताया कि यहां सुरक्षा कराई जाएगी।
कोहरे के चलते ट्रेनें हो रहीं लेट
सोमवार को आगरा रेल मंडल से होकर गुजरने वाली डेढ़ दर्जन ट्रेनें लेट रहीं। यह अप और डाउन लाइन की रहीं। इसमें प्रमुख रूप से आगरा से कोलकाता एक्सप्रेस, जोधपुर से हावड़ा एक्सप्रेस, ताज एक्सप्रेस, श्रीधाम एक्सप्रेस, कर्नाटका एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस, श्रीधाम एक्सप्रेस शामिल रहीं, जो करीब एक से दो घंटे तक लेट रहीं।