Agra Weather Forecast: ताजनगरी में धूप करेगी दिनभर परेशान, रात लाएगी राहत
Agra Weather आगरा मेें बुधवार को दिनभर रहेगी धूप तीखी। उमस का स्तर कम होने से राहत। अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने के आसार। आने वाले दिनों में 40 डिग्री तक पहुंच सकता है अधिकतम तापमान। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य पर। रात को तापमान रहेगा 23 डिग्री के करीब।
आगरा, जागरण संवाददाता। अब आगरा में मौसम उस दौर में प्रवेश कर चुका है, जब दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर है। दिनभर धूप परेशान कर रही है आैर रात राहत लेकर आ रही है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा का अंतर है। दिन में एसी के बिना गुजारा नहीं हो रहा और रात में एसी ज्यादा देर तक सहन नहीं हो रहा है। मौसम का यही बदलाव बीमार करने के भी संकेत हैं।
आगरा में रात के तापमान में गिरावट आ रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को तेज धूप निकलेगी। सुबह 10 बजे के बाद से धूप तेज होती जा रही है। दोपहर 12 से तीन बजे तक के बीच गर्मी और उमस से लोग परेशान देखे जा रहे हैं। हालांकि बीते कुछ दिनों से शाम को मौसम का मिजाज बदल रहा है। मंगलवार रात को भी हवा में ठंडक होने से गर्मी से राहत मिली थी। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 36.7 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 23.7 डिग्री रहा था। वहीं बुधवार को अधिकतम 37 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहेगा।
पांच साल में सबसे कम बरसात इस साल
2020- 28.2 मिमी
2019- 125 मिमी
2018- 137.5 मिमी
2017- 78.1 मिमी
2016- 45 मिमी